Jharkhand INFACTNews

Jharkhand: सरायकेला एसपी ने ट्रैफिक जवानों को बांटी कूलिंग जैकेट, भीषण गर्मी में मिलेगी राहत

सरायकेला-खरसावां। भीषण गर्मी और तेज धूप में ड्यूटी कर रहे ट्रैफिक पुलिस जवानों की सुविधा एवं स्वास्थ्य सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सरायकेला-खरसावां पुलिस ने एक नई पहल शुरू की है। पुलिस अधीक्षक निधि द्विवेदी ने पायलट प्रोजेक्ट के तहत ट्रैफिक पुलिस कर्मियों को विशेष बैटरी संचालित कूलिंग जैकेट उपलब्ध कराने की शुरुआत की है।इस पहल का उद्देश्य ट्रैफिक जवानों को अत्यधिक गर्मी और धूप से राहत प्रदान करना तथा उनकी कार्यक्षमता को बेहतर बनाना है।

पंखों से लैस है विशेष कूलिंग जैकेट

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि यह विशेष कूलिंग जैकेट पुणे की एक कंपनी द्वारा तैयार की गई है। जैकेट में छोटे-छोटे पंखे लगाए गए हैं, जो अंदर ठंडी हवा का संचार करते हैं और लंबे समय तक सड़क पर ड्यूटी करने वाले जवानों को राहत पहुंचाते हैं।उन्होंने बताया कि एक कूलिंग जैकेट की अनुमानित लागत करीब 3,500 रुपये है।

सफल रहा प्रयोग तो अन्य पुलिसकर्मियों को भी मिलेगा लाभ

एसपी निधि द्विवेदी ने कहा कि फिलहाल इसे एक प्रायोगिक (पायलट) परियोजना के रूप में शुरू किया गया है। यदि इसका परिणाम सकारात्मक रहा तो जिले के अन्य पुलिसकर्मियों को भी यह सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।उन्होंने यह भी बताया कि इस संबंध में पुलिस मुख्यालय को अनुशंसा भेजी जाएगी ताकि भविष्य में राज्य स्तर पर भी इस व्यवस्था को लागू करने पर विचार किया जा सके।

ट्रैफिक व्यवस्था को आधुनिक बनाने पर जोर

पुलिस अधीक्षक ने कहा कि जिला पुलिस ट्रैफिक व्यवस्था को आधुनिक और हाईटेक बनाने की दिशा में लगातार कार्य कर रही है। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि हर मौसम और हर परिस्थिति में ट्रैफिक जवान पूरी मुस्तैदी और क्षमता के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन कर सकें।

ब्रेथ एनालाइजर जैसी आधुनिक सुविधाएं भी उपलब्ध

उन्होंने बताया कि कॉरपोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी और अन्य आंतरिक संसाधनों के माध्यम से ट्रैफिक पुलिस को ब्रेथ एनालाइजर जैसी आधुनिक सुविधाएं भी उपलब्ध कराई गई हैं। इससे सड़क सुरक्षा को मजबूत करने और यातायात नियमों के प्रभावी अनुपालन में सहायता मिल रही है।

मई में एमवी एक्ट के तहत वसूला गया 33 लाख रुपये जुर्माना

सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के पालन को लेकर जिला पुलिस लगातार अभियान चला रही है। एसपी ने जानकारी दी कि मई महीने में मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए करीब 33 लाख रुपये का जुर्माना वसूला गया।वहीं ड्रंक एंड ड्राइव मामलों में कांड्रा क्षेत्र से 80 हजार रुपये,कपाली क्षेत्र से 40 हजार रुपये और गम्हरिया क्षेत्र से 10 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया।

सड़क सुरक्षा को लेकर अभियान रहेगा जारी

पुलिस अधीक्षक ने कहा कि यातायात नियमों के प्रति लोगों को जागरूक करने, सड़क सुरक्षा को बढ़ावा देने और सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के उद्देश्य से विशेष अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button