Delhi: दिल्ली के तुगलकाबाद में 5 मंजिला इमारत में आग लगने से 3 की मौत,दमकल विभाग ने 6 लोगों को बचाया

नई दिल्ली : राजधानी दिल्ली के तुगलकाबाद इलाके में शुक्रवार की सुबह एक रिहायशी इमारत में भीषण आग लगने से तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। इस हादसे में कई अन्य लोग झुलस गए हैं। दिल्ली फायर सर्विस के हौसलेमंद कर्मचारियों ने रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर अब तक 6 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला है, जिन्हें इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल भेजा गया है। इससे पहले भी 8 घायलों को तुरंत बाहर निकालकर एम्स ट्रॉमा सेंटर भेजा गया था।यह दर्दनाक हादसा ओखला फायर स्टेशन-1 के अंतर्गत मध्यम मार्ग पर स्थित ‘नया तारा अपार्टमेंट’ के पास गली नंबर 1 की एक इमारत में हुआ।
तड़के ढाई बजे मची चीख-पुकार, संकरी गली बनी बाधा
दिल्ली फायर सर्विस के असिस्टेंट डिविजनल ऑफिसर यशवंत सिंह मीणा ने बताया कि जिस इमारत में आग लगी, उसमें ग्राउंड फ्लोर के अलावा पांच ऊपरी मंजिलें हैं। फायर डिपार्टमेंट के कंट्रोल रूम को सुबह 2:35 बजे से 2:37 बजे के बीच इमारत में आग लगने और कई लोगों के अंदर फंसे होने की बैक-टू-बैक कई इमरजेंसी कॉल्स मिलीं।
इमारत एक बेहद संकरी गली में स्थित होने के कारण दमकल की गाड़ियों को मौके पर पहुंचने और बचाव कार्य शुरू करने में काफी दिक्कतों और भारी मशक्कत का सामना करना पड़ा।
पार्किंग में खड़ी गाड़ियों में लगी आग, देखते ही देखते फैली लपटें
फायर डिपार्टमेंट से मिली शुरुआती तकनीकी जानकारी के मुताबिक, आग की शुरुआत सबसे पहले बिल्डिंग के ग्राउंड फ्लोर (पार्किंग एरिया) के अंदर खड़ी गाड़ियों से हुई थी।गाड़ियों में लगी आग ने कुछ ही मिनटों में विकराल रूप धारण कर लिया और पूरी इमारत को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे ऊपरी मंजिलों पर सो रहे लोग अंदर ही फंस गए। सूचना मिलते ही डिपार्टमेंट ने तुरंत तीन वॉटर टेंडर, दो वॉटर बाउजर, एक ब्रीदिंग सपोर्ट यूनिट और एक क्विक रिस्पॉन्स व्हीकल को मौके पर रवाना किया। बाद में हालात बिगड़ते देख अतिरिक्त लाइट फायर यूनिट भी भेजी गई।
दमकल अधिकारियों ने संभाली कमान, ऐसे बुझाई गई आग
इस चुनौतीपूर्ण रेस्क्यू और फायर फाइटिंग ऑपरेशन का नेतृत्व एडीओ यशवंत सिंह मीणा के साथ स्टेशन ट्रेनिंग ऑफिसर मुकुल भारद्वाज, स्टेशन ऑफिसर समर्थ लाल और स्टेशन ऑफिसर राज कुमार ने संयुक्त रूप से किया।सुबह 3:45 बजे तक दमकल की गाड़ियों ने चौतरफा बौछार कर आग पर पूरी तरह काबू पा लिया।सुबह 4:00 बजे डीएफएस द्वारा आधिकारिक तौर पर ‘स्टॉप मैसेज’ जारी किया गया, जिसका अर्थ था कि आग पूरी तरह बुझ चुकी है।
आखिरी चरण तक जारी रहा रेस्क्यू ऑपरेशन
आग बुझने के बाद भी धुएं के गुबार के बीच दमकल कर्मी ऑक्सीजन मास्क पहनकर बिल्डिंग के अंदर दाखिल हुए और सर्च ऑपरेशन चलाया। ऑपरेशन के अंतिम चरण में टीम ने एक और व्यक्ति को जिंदा सुरक्षित बाहर निकाला, जिससे दमकल कर्मियों द्वारा बचाए गए लोगों की कुल संख्या 6 हो गई। कैट्स एम्बुलेंस की मदद से सभी घायलों को अस्पताल में शिफ्ट किया गया है, जहां डॉक्टरों की टीम उनकी देखरेख कर रही है। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।



