Bihar: खान सर के दोनों बॉडीगार्ड की जमानत याचिका खारिज, फायरिंग मामले में जेल में ही रहेंगे

पटना। पटना के चर्चित कोचिंग शिक्षक खान सर के दोनों बॉडीगार्ड फिलहाल जेल में ही रहेंगे। फायरिंग मामले में शुक्रवार को अदालत ने दोनों की नियमित जमानत याचिका खारिज कर दी। दोनों पर ज्ञान बिंदु कोचिंग एकेडमी से जुड़े विवाद के दौरान हवाई फायरिंग करने का आरोप है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने कार्रवाई की थी।
प्रदीप कुमार और तालेश्वर सिंह को नहीं मिली राहत
पटना स्थित प्रथम श्रेणी के न्यायिक दंडाधिकारी अनुराग वर्मा की अदालत में गुरुवार को दोनों बॉडीगार्ड प्रदीप कुमार और तालेश्वर सिंह की जमानत अर्जी पर सुनवाई हुई थी। दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद अदालत ने फैसला सुरक्षित रख लिया था।शुक्रवार को कोर्ट ने आदेश जारी करते हुए दोनों की जमानत याचिका खारिज कर दी।
फायरिंग मामले में आरोपी हैं खान सर भी
इस मामले में फैजल खान उर्फ खान सर को भी आरोपी बनाया गया है। आरोप है कि उनके निर्देश पर दोनों गार्डों ने गोलीबारी की थी। हालांकि, खान सर ने अदालत में अग्रिम जमानत की अर्जी दाखिल की है।अदालत ने फिलहाल 20 जून तक उनकी गिरफ्तारी पर रोक लगा रखी है।
रौशन सर की जमानत पर सुनवाई फिर टली
दूसरी ओर, रौशन आनंद उर्फ रौशन सर की जमानत याचिका पर भी शुक्रवार को सुनवाई नहीं हो सकी। अब इस मामले में सोमवार को जिला एवं सत्र न्यायाधीश-33 की अदालत में सुनवाई होगी।रौशन आनंद फिलहाल बेऊर जेल में बंद हैं। उन पर खान ग्लोबल स्टडीज सेंटर के बाहर तोड़फोड़, पथराव और सुरक्षा गार्ड से मारपीट कराने का आरोप है।
निचली अदालत से पहले ही खारिज हो चुकी है जमानत
रौशन सर की जमानत याचिका इससे पहले प्रथम श्रेणी न्यायिक दंडाधिकारी की अदालत द्वारा खारिज की जा चुकी है। इसके बाद उनके वकील ने जिला एवं सत्र न्यायालय में नियमित जमानत की अर्जी दाखिल की थी।
क्या है खान सर और रौशन सर विवाद?
जानकारी के अनुसार, 2 जून की रात पटना के मुसल्लहपुर स्थित खान ग्लोबल स्टडीज सेंटर के बाहर हंगामा हुआ था। बताया गया कि बिहार पुलिस सिपाही भर्ती परीक्षा के परिणाम का श्रेय लेने को लेकर दोनों कोचिंग संस्थानों के बीच विवाद उत्पन्न हुआ।आरोप है कि कुछ युवकों ने खान सर के कोचिंग सेंटर के बाहर पथराव और तोड़फोड़ की तथा वहां तैनात गार्ड के साथ मारपीट की। इस मामले में पुलिस ने अगले दिन रौशन आनंद समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया था।
वायरल वीडियो के बाद दर्ज हुई दूसरी एफआईआर
4 जून को एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, जिसमें खान सर के दो गार्ड हवा में फायरिंग करते दिखाई दिए। वीडियो की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया।फायरिंग मामले में कदमकुआं थाना में अलग से प्राथमिकी दर्ज की गई, जिसमें खान सर को भी नामजद आरोपी बनाया गया है।
मामले पर बनी हुई है सबकी नजर
कोचिंग जगत के दो चर्चित नामों के बीच विवाद और उससे जुड़े आपराधिक मामलों को लेकर पूरे बिहार में चर्चा का माहौल है। अब सभी की निगाहें सोमवार को होने वाली रौशन सर की जमानत सुनवाई और खान सर की अग्रिम जमानत याचिका पर टिकी हैं।



