MP INFACTNews

Madhya Pradesh: सागर में जहरीली शराब के सेवन से 11 लोगों की मौत, 6 शराब दुकानें सील

सागर। मध्य प्रदेश के सागर जिले से बड़ी खबर सामने आई है। बंडा ब्लॉक के नौराज और गूगरा खुर्द गांवों में कथित जहरीली शराब पीने से 11 लोगों की मौत की सूचना है। घटना शनिवार और रविवार के बीच की बताई जा रही है। मौतों की जानकारी सामने आने के बाद प्रशासन और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।घटना की गंभीरता को देखते हुए सागर कमिश्नर, आईजी, कलेक्टर और एसपी समेत वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने प्रभावित परिवारों से मुलाकात की और अस्पताल में भर्ती मरीजों के इलाज की व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

6 मदिरा दुकानें सील, शराब के सैंपल लिए जाएंगे

घटना के बाद प्रशासन ने एहतियातन क्षेत्र की छह मदिरा दुकानों को सील कर दिया है। अधिकारियों ने शराब के सैंपल लेने और उनकी जांच कराने के निर्देश दिए हैं।प्रशासन ने अवैध शराब के कारोबार से जुड़े लोगों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई के निर्देश भी दिए हैं। फिलहाल पूरे मामले की जांच की जा रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि लोगों ने किस शराब का सेवन किया था।

अस्पताल में भर्ती मरीजों का लिया गया हाल

जिलाधिकारी प्रतिभा पाल ने अस्पताल पहुंचकर भर्ती मरीजों की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को मरीजों के समुचित उपचार के साथ-साथ मामले की जांच तेजी से करने के निर्देश दिए।प्रशासन की ओर से आसपास के गांवों में मेडिकल टीमों को भी भेजा गया है, ताकि शराब सेवन से प्रभावित लोगों की पहचान कर समय पर जांच और उपचार किया जा सके।

24 से 48 घंटे में शराब पीने वालों से जांच कराने की अपील

कलेक्टर प्रतिभा पाल ने स्थानीय लोगों से विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। उन्होंने कहा कि जिन लोगों ने पिछले 24 से 48 घंटे के दौरान किसी भी प्रकार की शराब का सेवन किया है, वे किसी तरह के लक्षण महसूस होने पर तुरंत डॉक्टर से जांच कराएं।उन्होंने कहा कि आसपास के दो गांवों में डॉक्टरों की टीम स्क्रीनिंग कर रही है। यदि किसी व्यक्ति को उल्टी, सिरदर्द, बुखार या अन्य किसी प्रकार की परेशानी महसूस हो रही है, तो वह तत्काल स्वास्थ्य केंद्र या सिविल अस्पताल पहुंचकर जांच कराए।

जहरीली शराब की आशंका से गांवों में दहशत

11 लोगों की मौत की सूचना के बाद नौराज और गूगरा खुर्द समेत आसपास के इलाकों में दहशत का माहौल है। प्रशासन की टीमें स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।अधिकारियों का कहना है कि मामले में जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। शराब के सैंपल और अन्य जांच रिपोर्ट सामने आने के बाद मौतों के वास्तविक कारणों को लेकर स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button