Bihar INFACTBreakingNews

Bihar: पटना में खान सर की गिरफ्तारी की सुगबुगाहट तेज, कोचिंग पर पुलिस का कड़ा पहरा

पटना। बिहार की राजधानी पटना के चर्चित और देश भर में मशहूर कोचिंग संचालक खान सर (फैसल खान) की मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही हैं। फायरिंग मामले में नामजद होने के बाद पटना पुलिस द्वारा उनकी गिरफ्तारी की सुगबुगाहट तेज हो गई है। उनके कोचिंग सेंटर के बाहर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात है, जबकि छात्रों का हुजूम लगातार पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी कर रहा है। खान सर के खिलाफ कदमकुआं थाने में हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट के तहत संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।

डीआईयू को सौंपी गई गिरफ्तारी की कमान

कानून-व्यवस्था को बनाए रखने के लिए पटना पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। सूत्रों के मुताबिक, खान सर की धरपकड़ के लिए पटना पुलिस की डिस्ट्रिक्ट इन्वेस्टिगेटिव यूनिट को मुख्य जिम्मेदारी सौंपी गई है। पुलिस किसी भी वक्त उन्हें हिरासत में ले सकती है। हालांकि, खबर है कि खान सर अपनी क्लास खत्म करने के बाद चुपके से कोचिंग संस्थान से निकल गए हैं और फिलहाल उनका कोई अता-पता नहीं है। मामले पर पटना के एसएसपी कार्तिकेय शर्मा ने कहा कि कानून के दायरे में रहकर नियमसंगत कार्रवाई की जाएगी।

रात होने का इंतजार कर रही है पुलिस?

कयास लगाए जा रहे हैं कि पटना पुलिस खान सर पर हाथ डालने के लिए शाम ढलने और रात होने का इंतजार कर रही है। दिन के समय इलाके के कोचिंग सेंटरों में हजारों की संख्या में छात्र मौजूद रहते हैं। पुलिस अधिकारियों की रणनीति है कि शाम को जब कोचिंग सेंटरों में छुट्टी हो जाएगी और छात्र अपने-अपने कमरों या हॉस्टल लौट जाएंगे, तब कानून-व्यवस्था बिगड़ने का खतरा न्यूनतम रहेगा।

किन संगीन धाराओं में दर्ज हुआ है मुकदमा?

कदमकुआं थाने में दर्ज एफआईआर में खान सर के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता और आर्म्स एक्ट के तहत निम्नलिखित कड़े प्रावधान लगाए गए हैं:

धारा 109, BNS: हत्या का प्रयास (जिसमें दोष सिद्ध होने पर अधिकतम 10 साल की जेल और जुर्माने का प्रावधान है। यह एक गैर-जमानती धारा है)।

धारा 25(9), आर्म्स एक्ट: लापरवाही या असावधानीपूर्वक हवाई फायरिंग करना (अधिकतम 2 साल की सजा)।

धारा 35, आर्म्स एक्ट: किसी परिसर में अवैध रूप से हथियार जमा करके रखना।

धारा 27, आर्म्स एक्ट: प्रतिबंधित या अवैध तरीके से हथियार का इस्तेमाल करना।

विवाद की जड़: सिपाही भर्ती रिजल्ट और व्यावसायिक रंजिश

इस पूरे विवाद की मुख्य वजह बिहार पुलिस सिपाही भर्ती परीक्षा के परिणाम आने के बाद कोचिंग संस्थानों के बीच शुरू हुआ आपसी व्यापारिक टकराव है। बीते 2 जून की रात को खान सर और उनके प्रतिद्वंद्वी रौशन आनंद की ‘ज्ञान बिंदु एकेडमी’ के समर्थकों के बीच हिंसक झड़प, तोड़फोड़ और पथराव हुआ था।पुलिस इस मामले में ज्ञान बिंदु के डायरेक्टर रौशन आनंद समेत तीन लोगों को पहले ही जेल भेज चुकी है। इसके बाद ज्ञान बिंदु एकेडमी की तरफ से एक वीडियो जारी किया गया, जिसमें खान सर के दो बॉडीगार्ड हवा में फायरिंग करते नजर आ रहे थे। वीडियो की सत्यता की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने दोनों गार्ड्स को गिरफ्तार कर लिया और उनके बयानों के आधार पर ही अब खान सर पर शिकंजा कसा गया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button