NewsRajasthan INFACT

Rajasthan: राजस्थान पुलिस ने डूंगरपुर में 90 लाख की अवैध शराब को किया जब्त, चावल की बोरियों के नीचे छिपा था जखीरा

डूंगरपुर। राजस्थान में अवैध शराब तस्करी के खिलाफ डूंगरपुर जिला पुलिस ने अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाइयों में से एक को अंजाम दिया है। जिला पुलिस अधीक्षक मनीष कुमार के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन स्वच्छता” के तहत रतनपुर बॉर्डर पर पुलिस ने एक ट्रक से भारी मात्रा में अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की है। जब्त शराब की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 90 लाख रुपये आंकी गई है।

मुखबिर की सूचना पर बिछीवाड़ा पुलिस की कार्रवाई

एसपी मनीष कुमार और डीएसपी मदनलाल बिश्नोई के नेतृत्व में तस्करों के खिलाफ अभियान तेज कर दिया गया है। इसी क्रम में बिछीवाड़ा थाना पुलिस को मुखबिर से सटीक सूचना मिली थी कि उदयपुर की ओर से एक बड़ी खेप गुजरात जाने वाली है। सूचना के आधार पर रतनपुर पुलिस चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक अब्दुल मुनाफ और उनकी टीम ने एनएच-48 (NH-48) पर नाकाबंदी कर उदयपुर से अहमदाबाद की तरफ जाने वाले वाहनों की सघन तलाशी शुरू की।

चावल की बोरियों के नीचे ‘चंडीगढ़’ की शराब

चेकिंग के दौरान पुलिस ने एक टाटा ओपन बॉडी ट्रक को रुकवाया, जिसे सफेद तिरपाल से ढका गया था। शुरुआत में ट्रक में सिर्फ चावल की बोरियां दिखाई दे रही थीं। लेकिन जब पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए चावल की बोरियों को हटाया, तो नीचे का नजारा देख अधिकारी भी दंग रह गए। बोरियों के नीचे अलग-अलग ब्रांड की चंडीगढ़ निर्मित अंग्रेजी शराब के 846 कार्टन छिपाए गए थे। इन सभी पर ‘फॉर सेल ओनली इन चंडीगढ़’ अंकित था।

गुजरात का तस्कर गिरफ्तार

पुलिस ने मौके से ट्रक चालक योगेश (निवासी- पोरबंदर, गुजरात) को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अब आरोपी से कड़ाई से पूछताछ कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि शराब की यह खेप चंडीगढ़ से कहां भेजी जा रही थी और इस अंतर्राज्यीय नेटवर्क के पीछे मुख्य सरगना कौन है।

सराहनीय टीम वर्क

इस बड़ी कामयाबी को हासिल करने वाली टीम में उपनिरीक्षक अब्दुल मुनाफ के साथ कांस्टेबल जोगेंद्र सिंह, कुंदन सिंह, फतहलाल, कपिल और गौरव शामिल थे। पुलिस अधीक्षक ने पूरी टीम की सूझबूझ और कार्यकुशलता की सराहना की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button