Jharkhand INFACTNews

Jharkhand: गोड्डा में एसबीआई ब्रांच मैनेजर रिश्वत लेते गिरफ्तार, पीएम जीवन ज्योति बीमा योजना का लाभ दिलाने के नाम पर मांगे थे 77 हजार रुपये

रांची/गोड्डा: झारखंड के गोड्डा जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए सीबीआई ने एसबीआई के एक ब्रांच मैनेजर को रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी पर प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना का क्लेम दिलाने और बैंक खाते से होल्ड हटाने के बदले 77 हजार रुपये की घूस मांगने का आरोप है।

पीएम जीवन ज्योति बीमा योजना के लाभ के लिए मांगी रिश्वत

सीबीआई के अनुसार मामला गोड्डा जिले के डुमरिया स्थित एसबीआई शाखा का है। शिकायतकर्ता की मां ने मृत्यु से पहले प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना के तहत पॉलिसी ले रखी थी। उनके निधन के बाद योजना के तहत आश्रित बेटे को 2 लाख रुपये का बीमा लाभ मिलना था।आरोप है कि क्लेम प्रक्रिया पूरी कर बीमा राशि खाते में भेजने के लिए शाखा प्रबंधक ने 60 हजार रुपये रिश्वत की मांग की।

खाते से होल्ड हटाने के लिए भी मांगे 17 हजार रुपये

जांच एजेंसी के मुताबिक मृतक महिला के बैंक खाते में जमा करीब 35 हजार रुपये पर होल्ड लगा हुआ था। आरोप है कि उस होल्ड को हटाने और राशि निकालने की अनुमति देने के बदले मैनेजर ने अतिरिक्त 17 हजार रुपये की मांग की।इस प्रकार आरोपी अधिकारी ने कुल 77 हजार रुपये रिश्वत की मांग की थी।

शिकायत के बाद सीबीआई ने बिछाया जाल

पीड़ित ने पूरे मामले की शिकायत सीबीआई से की। शिकायत की प्राथमिक जांच के बाद एजेंसी ने 31 मई 2026 को मामला दर्ज किया और 1 जून को ट्रैप कार्रवाई करते हुए आरोपी शाखा प्रबंधक को रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार कर लिया।सीबीआई अब मामले में आगे की जांच कर रही है और आरोपी से पूछताछ जारी है।

भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त कार्रवाई

सीबीआई अधिकारियों का कहना है कि सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों से रिश्वत मांगने के मामलों में एजेंसी लगातार निगरानी रख रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button