
वाराणसी : विश्व प्रसिद्ध नमो घाट से इंसानियत को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। वाराणसी के नमो घाट पर निजी गार्ड और पर्यटकों के बीच हुई कहासुनी के बाद मारपीट में एक युवक की मौत हो गई। इस घटना के बाद स्थानीय पुलिस की कार्यशैली पर भी सवाल उठने लगे हैं।
सोनभद्र से घूमने पहुंचे थे पांच युवक
जानकारी के अनुसार सोनभद्र से पांच युवकों का समूह वाराणसी घूमने पहुंचा था। बताया जा रहा है कि नमो घाट के गेट नंबर-2 पर तैनात निजी गार्ड से किसी बात को लेकर उनकी बहस हो गई।देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि वहां मौजूद बाउंसरों ने युवकों के साथ मारपीट शुरू कर दी।
अस्पताल ले जाते समय युवक की मौत
मारपीट में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल युवक को अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। मृतक की पहचान राजेंद्र जायसवाल के रूप में हुई है।
पुलिस ने चार आरोपियों को किया गिरफ्तार
मामले को लेकर एसीपी विजय प्रताप ने बताया कि नमो घाट पर तैनात निजी गार्ड और युवकों के बीच कहासुनी के बाद मारपीट हुई थी। पुलिस ने मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
घटना के बाद सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
घटना के बाद नमो घाट की सुरक्षा व्यवस्था और निजी बाउंसरों की कार्यशैली पर सवाल खड़े होने लगे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि पर्यटन स्थलों पर तैनात निजी सुरक्षा कर्मियों की जवाबदेही तय होनी चाहिए।



