
खेल डेस्क: दुनिया की सबसे लोकप्रिय क्रिकेट लीग आईपीएल 2026 अपने सबसे दिलचस्प और अंतिम पड़ाव पर पहुंच चुकी है। लीग स्टेज के उतार-चढ़ाव भरे मुकाबलों के बाद प्लेऑफ की चार धाकड़ टीमों के नामों पर मुहर लग चुकी है। इस बार खिताब की जंग में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू, गुजरात टाइटंस , सनराइजर्स हैदराबाद और राजस्थान रॉयल्स एक-दूसरे को चुनौती देती नजर आएंगी।खिताबी सफर का महामुकाबला यानी फाइनल मैच 31 मई को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा, लेकिन उससे पहले इन चारों टीमों को आग के दरिया से गुजरना होगा। आइए जानते हैं कब, कहां और किसके बीच खेले जाएंगे प्लेऑफ के मुकाबले।
पॉइंट्स टेबल के समीकरण से तय हुए मुकाबले
आईपीएल के नियमों के मुताबिक, पॉइंट्स टेबल की टॉप-2 टीमों को फाइनल में पहुंचने के दो मौके मिलते हैं, जबकि तीसरे और चौथे नंबर की टीमों के लिए हर मैच ‘करो या मरो’ जैसा होता है।
क्वालीफायर 1 (आरसीबी बनाम गुजरात टाइटंस ): टेबल में पहले और दूसरे स्थान पर रहने वाली रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू और गुजरात टाइटंस की टीमें 26 मई को पहले क्वालीफायर में आमने-सामने होंगी।
एलिमिनेटर ( सनराइजर्स हैदराबाद बनाम राजस्थान रॉयल्स): वहीं, तीसरे और चौथे स्थान पर फिनिश करने वाली सनराइजर्स हैदराबाद और राजस्थान रॉयल्स की टीमें 27 मई को एलिमिनेटर मुकाबले में टकराएंगी।
| तारीख व दिन | मैच का विवरण | टीमें | वेन्यू (मैदान) |
|---|---|---|---|
| 26 मई, मंगलवार | क्वालिफायर 1 | रॉयल चैलेंजर्स बैंगलुरु बनाम गुजरात टाइटंस | धर्मशाला |
| 27 मई, बुधवार | एलिमिनेटर | सनराइजर्स हैदराबाद बनाम राजस्थान रॉयल्स | न्यू चंडीगढ़ |
| 29 मई, शुक्रवार | क्वालिफायर 2 | क्वालिफायर 1 की हारने वाली टीम बनाम एलिमिनेटर की विजेता | न्यू चंडीगढ़ |
| 31 मई, रविवार | ग्रैंड फाइनल | क्वालिफायर 1 की विजेता बनाम क्वालिफायर 2 की विजेता | अहमदाबाद |
डिफेंडिंग चैंपियन RCB और गुजरात के पास सीधे फाइनल का टिकट कटाने का मौका
क्वालीफायर-1 का मुकाबला बेहद अहम होने वाला है। धर्मशाला के खूबसूरत मैदान पर जो भी टीम (आरसीबी या जीटी ) इस मैच को जीतेगी, उसे सीधे 31 मई को होने वाले फाइनल का टिकट मिल जाएगा।
हारने वाले को भी मौका: मान लीजिए कि आरसीबी यह मैच जीतकर फाइनल में प्रवेश कर जाती है, तब भी गुजरात टाइटंस टूर्नामेंट से बाहर नहीं होगी। टॉप-2 में रहने के फायदे के कारण गुजरात को क्वालीफायर-2 के रूप में फाइनल में जाने का एक और जीवनदान (दूसरा मौका) मिलेगा।
हैदराबाद और राजस्थान के लिए रास्ता कठिन; एक हार और सफर खत्म
दूसरी ओर, न्यू चंडीगढ़ में होने वाले एलिमिनेटर मैच का समीकरण बेहद क्रूर है। सनराइजर्स हैदराबाद और राजस्थान रॉयल्स में से जो भी टीम 27 मई का यह मैच हारेगी, उसका आईपीएल 2026 का सफर वहीं खत्म हो जाएगा और वह सीधे टूर्नामेंट से बाहर हो जाएगी।
इस मैच को जीतने वाली टीम आगे बढ़ेगी और 29 मई को न्यू चंडीगढ़ में ही क्वालीफायर-1 की हारने वाली टीम (आरसीबी या जीटी में से कोई एक) से क्वालीफायर-2 में भिड़ेगी। अंततः क्वालीफायर-2 की विजेता टीम फाइनल में पहुंचेगी। ऐसे में देखना दिलचस्प होगा कि क्या आरसीबी अपने खिताब को डिफेंड कर पाती है या देश को इस बार कोई नया चैंपियन मिलता है।



