Bihar: पीएम मोदी ने बिहार को दी नीतीश सेतु की सौगात, 4280 करोड़ की लागत से बना 19.7 KM लंबा पुल राष्ट्र को समर्पित

पटना। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को बिहार के वैशाली जिले में गंगा नदी पर बने नीतीश सेतु को राष्ट्र को समर्पित किया। पश्चिम बंगाल के दौरे के बाद बिहार पहुंचे पीएम मोदी ने इस दौरान कई अन्य विकास परियोजनाओं का भी उद्घाटन और शिलान्यास किया। इसके बाद उनका उत्तर प्रदेश जाने का कार्यक्रम है। करीब 4280 करोड़ रुपये की लागत से तैयार नीतीश सेतु पटना और वैशाली जिले के बीच सड़क संपर्क को मजबूत करेगा।यह 19.7 किलोमीटर लंबा एक्स्ट्राडोज्ड केबल-स्टे ब्रिज है, जो पटना जिले के कच्ची दरगाह को वैशाली जिले के बिदुपुर से जोड़ता है। परियोजना में 9.7 किलोमीटर लंबा मुख्य पुल और 10 किलोमीटर की संपर्क सड़कें शामिल हैं। पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के सम्मान में इस पुल का नाम नीतीश सेतु रखा गया है।
छठी मईया के आशीर्वाद से विकास का पर्व मना रहे: पीएम मोदी
वैशाली में जनसभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि विशाल जनसमुदाय बिहार में विकास के प्रति जागरूकता का प्रमाण है। उन्होंने छठ महापर्व का उल्लेख करते हुए कहा, “लोक आस्था का महापर्व छठ अभी संपन्न हुआ है। हमारी माताओं और बहनों ने कठिन निर्जला व्रत कर परिवार, समाज और जगत के मंगल की कामना की है। अब छठी मईया के आशीर्वाद से हम यहां विकास का पर्व मना रहे हैं।”पीएम मोदी ने कहा कि बिहार की विकास यात्रा में सरकार ‘सबका साथ, सबका विकास’ के मंत्र के साथ आगे बढ़ रही है। उन्होंने वैशाली की ऐतिहासिक धरती और बिहार की मिट्टी को नमन किया।
नीतीश सेतु से पटना और वैशाली के बीच दूरी और परेशानी होगी कम
प्रधानमंत्री ने कहा कि नीतीश कुमार ने लंबे समय तक मुख्यमंत्री के रूप में बिहार की सेवा की है। अब मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और उनकी टीम इस विकास अभियान को आगे बढ़ा रही है।उन्होंने कहा कि गंगा नदी पर बने छह लेन के इस पुल से पटना और वैशाली के बीच आवागमन आसान होगा। इससे फसल, फल, सब्जियां, दूध और दही जैसे उत्पादों को बड़े बाजारों तक पहुंचाने में सुविधा मिलेगी। युवाओं को पढ़ाई और बुजुर्गों को इलाज के लिए आने-जाने में भी आसानी होगी।पीएम मोदी ने कहा कि बिहार में आधुनिक सड़कों का नेटवर्क तेजी से तैयार किया जा रहा है और नई परियोजनाएं राज्य के विकास को गति देंगी।
100 पीएम-ई बसों को दिखाई हरी झंडी
प्रधानमंत्री ने शहरी यातायात को सुविधाजनक बनाने के लिए 100 आधुनिक पीएम-ई बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इससे राज्य में स्वच्छ सार्वजनिक परिवहन को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।इसके अलावा पीएम आवास योजना के तहत हजारों गरीब परिवारों को पक्के घरों की चाबियां सौंपी गईं। प्रधानमंत्री ने इन विकास कार्यों के लिए बिहार के लोगों को बधाई दी।
पहले घोटालों की गिनती होती थी, अब निवेश के आंकड़े पेश किए जाते हैं: मोदी
अपने संबोधन में पीएम मोदी ने बिहार में पहले और वर्तमान शासनकाल की तुलना करते हुए कहा कि पहले घोटालों और अपराधों की चर्चा होती थी, जबकि अब निवेश और विकास के आंकड़े सामने आते हैं।उन्होंने कहा, “एनडीए का शासन आने से पहले समय कैसा होता था, तब गिनती घोटालों की होती थी, लेकिन आज बिहार में हो रहे निवेश के आंकड़े पेश किए जाते हैं। तब अपराधों के आंकड़े आते थे, अब अपराधियों पर कार्रवाई की बात आती है।”प्रधानमंत्री ने कहा कि डबल इंजन सरकार में बिहार के विकास की रफ्तार बढ़ी है और पिछले एक साल में हुए काम इसके उदाहरण हैं।
साफ नीयत से काम होता है तो नतीजे भी दिखते हैं
पीएम मोदी ने कहा कि बिहार के विकास को यहां आकर महसूस किया जा सकता है। उन्होंने गरीबी के खिलाफ लड़ाई का जिक्र करते हुए कहा कि सरकार ने करोड़ों गरीबों का जीवन आसान बनाने को प्राथमिकता दी है।उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार योजनाएं बनाती है और राज्य सरकार उन्हें लागू करती है। दोनों सरकारों के समन्वय से विकास कार्यों को गति मिल रही है।प्रधानमंत्री ने कहा कि सड़क संपर्क, ऊर्जा, शहरी अवसंरचना, जल संसाधन, शिक्षा, स्वास्थ्य सेवा और परिवहन सहित विभिन्न क्षेत्रों की परियोजनाओं का उद्देश्य बिहार में बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करना और आम लोगों को बेहतर सार्वजनिक सेवाएं उपलब्ध कराना है।



