Delhi INFACTNews

Delhi : एनसीबी का ‘ऑपरेशन RAZEPILL’ सफल, 227 किलो कैप्टागन ड्रग्स के साथ सीरियाई नागरिक गिरफ्तार

नई दिल्ली। नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो ने ‘ऑपरेशन RAZEPILL’ के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए 227.2 किलोग्राम कैप्टागन टैबलेट और पाउडर बरामद किया है। इस मामले में एक सीरियाई नागरिक को गिरफ्तार किया गया है, जिसने पूछताछ के दौरान कई अहम खुलासे किए हैं। जांच एजेंसी इसे अब तक का सबसे बड़ा एंटी-ड्रग ऑपरेशन बता रही है।

देहरादून की फैक्ट्री में बन रही थी ड्रग्स

एनसीबी के मुताबिक आरोपी ने खुलासा किया कि नई दिल्ली के नेब सराय इलाके से बरामद कैप्टागन टैबलेट नवंबर 2025 में देहरादून स्थित मेसर्स ग्रीन हर्बल नामक फैक्ट्री में अवैध रूप से तैयार की गई थीं। आरोपी ने बताया कि इस नेटवर्क में उसका एक अन्य सीरियाई साथी भी शामिल था।जानकारी मिलने के बाद 16 मई 2026 की रात एजेंसी ने देहरादून स्थित फैक्ट्री पर छापा मारा, जहां टैबलेट निर्माण, कैप्सूल फिलिंग, कोटिंग, सीलिंग और ब्लिस्टर पैकेजिंग की अत्याधुनिक मशीनें मिलीं।

मशीनें, केमिकल और पैकेजिंग सामग्री बरामद

छापेमारी के दौरान बड़ी मात्रा में केमिकल, कच्चा माल और पैकेजिंग सामग्री भी जब्त की गई। जांच एजेंसी के अनुसार फैक्ट्री मालिक अवैध ड्रग निर्माण के लिए प्रतिदिन करीब 50 हजार रुपये वसूलता था।एनसीबी ने फैक्ट्री मालिक को भी गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया है। मामले में अब तक दो लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है और कई राज्यों में जांच जारी है।

‘जिहादी ड्रग्स’ के नाम से कुख्यात है कैप्टागन

जांच एजेंसी के मुताबिक कैप्टागन को “जिहादी ड्रग्स” कहा जाता है। दावा किया गया है कि इसका इस्तेमाल इस्लामिक स्टेट समेत कई आतंकी संगठनों के आतंकवादी करते रहे हैं।बताया जाता है कि इस नशे के सेवन के बाद व्यक्ति को दर्द का एहसास कम होता है और वह अधिक हिंसक व्यवहार करने लगता है। जांच एजेंसियों को पहले भी इसके संकेत मिले थे, लेकिन अब इसकी खेप भारत तक पहुंचने का मामला सामने आया है।

गुजरात के मुंद्रा पोर्ट तक पहुंचा नेटवर्क

जांच में यह भी सामने आया कि गुजरात के मुंद्रा पोर्ट पर एक कंसाइनमेंट में शीप वूल के भीतर ड्रग्स छिपाकर रखी गई थी। इसे मिडिल ईस्ट और वेस्ट एशिया भेजने की तैयारी थी।एनसीबी के अनुसार एक सीरियाई नागरिक ने भारत में पूरा नेटवर्क तैयार कर लिया था और कई राज्यों में इसका सिंडिकेट सक्रिय था।

कई राज्यों में लगातार छापेमारी

‘ऑपरेशन RAZEPILL’ के तहत दिल्ली, गुजरात, उत्तराखंड, हरियाणा और राजस्थान समेत कई राज्यों में लगातार छापेमारी की जा रही है। सबसे पहले दिल्ली की स्वतंत्रता सेनानी कॉलोनी में एक घर पर छापा मारकर ड्रग्स बरामद की गई थी।

अमित शाह ने की कार्रवाई की सराहना

अमित शाह ने भी इस बड़े ऑपरेशन की सराहना की है। एनसीबी के डिप्टी डायरेक्टर जनरल ऑपरेशंस नीरज गुप्ता ने बताया कि विभिन्न एजेंसियां मिलकर इस पूरे अंतरराष्ट्रीय ड्रग सिंडिकेट को ध्वस्त करने में जुटी हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button