Jharkhand INFACTNews

Jharkhand: प्रिंस खान के वासेपुर आवास पर कुर्की, चौखट-दरवाजे तक उखाड़ ले गई पुलिस

धनबाद: धनबाद पुलिस ने भगौड़े गैंगस्टर प्रिंस खान के खिलाफ अब तक की सबसे बड़ी कानूनी कार्रवाई की है। शुक्रवार को बैंक मोड़ थाना और भूली ओपी पुलिस ने संयुक्त रूप से वासेपुर स्थित प्रिंस खान के घर पर कुर्की-जप्ती की कार्रवाई को अंजाम दिया। न्यायालय के कड़े रुख के बाद हुई इस कार्रवाई से पूरे वासेपुर इलाके में हड़कंप मच गया है।

कोर्ट के समन के बाद ‘बुलडोजर’ और ‘हथौड़ा’ एक्शन

धनबाद न्यायालय द्वारा जारी कुर्की वारंट के आलोक में पुलिस की टीम दलबल के साथ प्रिंस खान के घर पहुंची। पुलिस ने घर के अंदर रखे फर्नीचर, इलेक्ट्रॉनिक्स और अन्य सामानों के साथ-साथ खिड़की, दरवाजे और चौखट तक उखाड़ दिए। किसी भी विरोध की स्थिति से निपटने के लिए भारी संख्या में पुलिस बल और रैपिड एक्शन फोर्स की मौजूदगी में घंटों तक यह प्रक्रिया चली।

गंभीर अपराधों का लंबा रिकॉर्ड

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, प्रिंस खान धनबाद और आसपास के जिलों के लिए आतंक का पर्याय बन चुका है। उसके खिलाफ दर्ज मामलों की फेहरिस्त लंबी है। कोयलांचल के व्यापारियों से रंगदारी वसूलना और मना करने पर हत्या जैसे संगीन आरोप। वाट्सऐप वीडियो के जरिए व्यापारियों को डराना और उनके ठिकानों पर फायरिंग कराना।न्यायालय में बार-बार बुलाए जाने के बावजूद उपस्थित न होने के कारण यह सख्त कदम उठाया गया है।

पाकिस्तान कनेक्शन और ग्लोबल नेटवर्क

पुलिस की जांच में प्रिंस खान को लेकर चौंकाने वाले दावे किए गए हैं। खुफिया इनपुट के आधार पर पुलिस का दावा है कि प्रिंस खान वर्तमान में पाकिस्तान में शरण लिए हुए है और वहीं से इंटरनेट कॉलिंग के जरिए धनबाद में अपने गुर्गों को निर्देशित कर रहा है।पुलिस ने बताया कि उसे वापस लाने के लिए इंटरपोल और केंद्रीय एजेंसियों की मदद से रेड कॉर्नर नोटिस की प्रक्रिया पर भी काम चल रहा है।

पुलिस का कड़ा संदेश

बैंक मोड़ थाना प्रभारी ने बताया कि यह कार्रवाई केवल एक जब्ती नहीं, बल्कि उन अपराधियों के लिए एक कड़ा संदेश है जो कानून को ठेंगा दिखाकर फरार चल रहे हैं। पुलिस अब प्रिंस खान के स्थानीय मददगारों और उन तक पैसा पहुंचाने वाले सूत्रों (मनी ट्रेल) को भी खंगाल रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button