NewsRajasthan INFACT

Rajasthan: बाड़मेर सीमा पर पकड़ा गया पाकिस्तानी युवक, बीएसएफ और आईबी कर रही गहन पूछताछ

बाड़मेर से सटी भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा पर एक बार फिर संदिग्ध घुसपैठ का मामला सामने आया है। सीमा सुरक्षा बल ने पाकिस्तान से भारतीय सीमा में दाखिल हुए एक युवक को पकड़ लिया है।प्रारंभिक पूछताछ के बाद युवक को स्थानीय पुलिस के हवाले कर दिया गया। गुरुवार दोपहर उसे बाड़मेर जिला मुख्यालय लाया गया, जहां विभिन्न सुरक्षा एजेंसियां उससे गहन पूछताछ कर रही हैं।

सीमा पर संदिग्ध गतिविधि देख बीएसएफ ने की कार्रवाई

जानकारी के अनुसार यह कार्रवाई बाड़मेर जिले के सीमावर्ती स्वरूप का तला गांव के पास की गई। सीमा पर तैनात बीएसएफ जवानों को युवक की गतिविधियां संदिग्ध लगीं, जिसके बाद इलाके की घेराबंदी कर उसे हिरासत में लिया गया।बीएसएफ जवानों ने मौके पर ही युवक से प्रारंभिक पूछताछ शुरू कर दी थी।

पाकिस्तान के सिंध प्रांत का रहने वाला है युवक

प्रारंभिक जांच में युवक की पहचान मोहम्मद आवेश (26) के रूप में हुई है। वह पाकिस्तान के मीठी जिला का रहने वाला बताया जा रहा है।पुलिस के अनुसार उसके पिता का नाम हजूर खान है। युवक भारतीय सीमा में किस उद्देश्य से दाखिल हुआ, इसकी कई एंगल से जांच की जा रही है।

बीएसएफ , पुलिस और आईबी की संयुक्त पूछताछ

मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए इंटेलिजेंस ब्यूरो को भी जांच में शामिल किया गया है।बीएसएफ ,पुलिस और आईबी की संयुक्त टीम युवक से उसके भारत आने के उद्देश्य, संपर्कों और यात्रा के बारे में लगातार पूछताछ कर रही है।

मोबाइल संपर्क और दस्तावेजों की जांच जारी

सूत्रों के मुताबिक सुरक्षा एजेंसियां युवक के मोबाइल संपर्क, पहचान दस्तावेज और सीमा तक पहुंचने के रास्ते की भी जांच कर रही हैं।हालांकि शुरुआती तलाशी में उसके पास से कोई हथियार, जासूसी उपकरण या अन्य संदिग्ध सामान बरामद नहीं हुआ है।

संवेदनशील सीमा क्षेत्र में बढ़ाई गई निगरानी

बाड़मेर भारत-पाकिस्तान सीमा से सटा बेहद संवेदनशील इलाका माना जाता है। यहां पहले भी घुसपैठ, तस्करी और संदिग्ध गतिविधियों के मामले सामने आ चुके हैं।घटना के बाद सीमा क्षेत्र में गश्त और निगरानी बढ़ा दी गई है। सुरक्षा एजेंसियां यह भी पता लगाने में जुटी हैं कि युवक अकेले सीमा पार कर आया था या उसके साथ अन्य लोग भी शामिल थे।

हर एंगल से जांच में जुटीं एजेंसियां

पुलिस अधिकारियों के अनुसार युवक की मानसिक स्थिति, पारिवारिक पृष्ठभूमि और सीमा पार करने के कारणों की भी जांच की जा रही है।अधिकारियों का कहना है कि कई बार सीमावर्ती क्षेत्रों में लोग रास्ता भटककर भी सीमा पार कर जाते हैं, लेकिन फिलहाल एजेंसियां किसी निष्कर्ष पर पहुंचने से बच रही हैं।

जांच पूरी होने के बाद होगा खुलासा

बाड़मेर पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि मामले की पूरी जांच के बाद ही वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो पाएगी। फिलहाल युवक को सुरक्षा निगरानी में रखा गया है और पूछताछ जारी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button