Rajasthan: कोटा कलेक्ट्रेट को बम से उड़ाने की धमकी, एटीएस और डॉग स्क्वाड ने घंटों खंगाला कोना-कोना

कोटा: कोटा कलेक्ट्रेट परिसर में सोमवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया जब जिला कलेक्टर की आधिकारिक ईमेल आईडी पर एक धमकी भरा संदेश प्राप्त हुआ। ईमेल में कलेक्ट्रेट परिसर को बम से उड़ाने की चेतावनी दी गई थी। सूचना मिलते ही पुलिस मुख्यालय से लेकर स्थानीय प्रशासन तक में खलबली मच गई।
‘तमिल’ में लिखा था धमकी भरा संदेश
कोटा कलेक्टर पीयूष समारिया के अनुसार, धमकी भरा ईमेल तमिल भाषा में लिखा गया था।जांच में सामने आया कि यह मेल मूल रूप से सीकर कलेक्ट्रेट को संबोधित था, लेकिन इसकी एक कॉपी कोटा कलेक्टर सहित अन्य जिलों के अधिकारियों को भी भेजी गई थी। भाषा और विषय की संवेदनशीलता को देखते हुए प्रशासन ने बिना देरी किए सुरक्षा प्रोटोकॉल लागू कर दिया।
सघन तलाशी अभियान और एहतियात
धमकी मिलने के तुरंत बाद सुबह करीब 9 बजे से कलेक्ट्रेट परिसर में सुरक्षा एजेंसियों ने मोर्चा संभाल लिया। एहतियातन पूरे कलेक्ट्रेट परिसर को खाली करा लिया गया ताकि सर्च ऑपरेशन में कोई बाधा न आए। जांच के लिए एटीएस , बम निरोधक दस्ता , डॉग स्क्वाड और एसडीआरएफ की टीमों ने संयुक्त रूप से कलेक्ट्रेट के हर कमरे, बगीचे और पार्किंग क्षेत्र की सघन तलाशी ली।कई घंटों की बारीकी से जांच के बाद एडिशनल एसपी नियति शर्मा ने पुष्टि की कि परिसर में कोई भी संदिग्ध वस्तु नहीं मिली है।
पहले भी मिल चुकी हैं ऐसी धमकियां
कोटा प्रशासन के लिए इस तरह के ईमेल अब एक गंभीर चुनौती बनते जा रहे हैं।
इससे पहले भी कोटा के प्रमुख कोचिंग संस्थानों और सरकारी दफ्तरों को इसी तरह के फर्जी ईमेल के जरिए डराने की कोशिश की जा चुकी है।पुलिस की साइबर सेल अब इस ईमेल के आईपी एड्रेस और स्रोत को ट्रैक करने में जुटी है ताकि यह पता लगाया जा सके कि इस शरारत के पीछे किसका हाथ है।
स्थिति अब सामान्य
कोटा कलेक्टर ने आमजन से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें। जांच प्रक्रिया पूरी होने के बाद कलेक्ट्रेट में कामकाज फिर से सुचारू रूप से शुरू कर दिया गया है। हालांकि, घटना के बाद से महत्वपूर्ण सरकारी भवनों के आसपास गश्त और सुरक्षा बढ़ा दी गई है।



