Bihar INFACTNews

Bihar: बेटियों की ‘सौदागर’ महिला पंच समेत 3 गिरफ्तार, राजस्थान ले जाकर जबरन शादी कराने वाले गिरोह का भंडाफोड़

सासाराम : रोहतास जिले के डालमियानगर थाना क्षेत्र से शुरू हुई एक किशोरी की बहादुरी ने लड़कियों को बहला-फुसलाकर राजस्थान में बेचने वाले एक खौफनाक गिरोह का कच्चा चिट्ठा खोल दिया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरोह की तीन महिला सदस्यों को दबोच लिया है।

राजस्थान से भागकर आई किशोरी ने खोली पोल

इस पूरे मामले का खुलासा तब हुआ जब डालमियानगर के मथुरी निवासी एक किशोरी किसी तरह राजस्थान के चंगुल से भागकर अपने घर पहुंची।किशोरी ने बताया कि उसे बहला-फुसलाकर राजस्थान ले जाया गया और वहां उम्रदराज व्यक्ति से जबरन शादी करा दी गई।चार दिन पूर्व वह वहां से भागने में सफल रही और घर पहुंचकर परिजनों को पूरी बात बताई, जिसके बाद डालमियानगर थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई गई।

महिला वार्ड पंच और दो अन्य गिरफ्तार

डालमियानगर थानाध्यक्ष राजीव रंजन ने किशोरी के बयान के आधार पर छापेमारी कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है जिसमे तिलौथू प्रखंड के पतलूका (वार्ड संख्या 12) की निर्वाचित महिला पंच सूरजमुखी कुंवर,पतलूका निवासी अशोक सिंह की पत्नी बबीता देवी और डालमियानगर (मथुरी) निवासी मुक्तेश्वर गोस्वामी की पत्नी चैना देवी है।

कैसे काम करता है यह गिरोह?

पुलिस जांच में सामने आया है कि रोहतास जिले के कई प्रखंडों में इस गिरोह की जड़ें काफी गहरी हैं। तिलौथू और रोहतास प्रखंड के सेवही, पतलूका, बहेरा, कैथी, रंजीतगंज, बकनौरा और ढेलाबाद जैसे इलाके इस गिरोह के सॉफ्ट टारगेट हैं।गिरोह के सदस्य गरीब परिवारों की नाबालिग और बालिग बच्चियों को चिन्हित करते हैं। उन्हें शादी या बेहतर जीवन का झांसा देकर राजस्थान ले जाया जाता है, जहाँ राजस्थानी एजेंटों के माध्यम से उन्हें मोटी रकम के बदले बेच दिया जाता है।

पुलिस की अगली कार्रवाई

पुलिस के अनुसार, यह गिरोह काफी बड़ा है और इसमें कई अन्य पुरुष व महिलाएं शामिल हैं।गिरोह के अन्य सदस्यों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं। पुलिस अब उन बच्चियों का पता लगाने की कोशिश कर रही है जिन्हें पिछले कुछ महीनों में इस गिरोह ने राजस्थान भेजा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button