EntertainmentNews

Entertainment: 4 जून को रिलीज होगी राम चरण की ‘पेड्डी’, वरुण धवन और सामंथा से हो सकती है भिड़ंत

मनोरंजन डेस्क : फिल्म ‘टॉक्सिक’ की रिलीज डेट टलने के बाद बॉक्स ऑफिस पर खाली हुए स्लॉट को राम चरण ने लपक लिया है। राम चरण और जाह्नवी कपूर की मुख्य भूमिका वाली फिल्म ‘पेड्डी’ अब 4 जून 2026 को सिनेमाघरों में दस्तक देगी। मेकर्स ने शुक्रवार को फिल्म का नया पोस्टर जारी कर इस खबर पर मुहर लगा दी है।

‘टॉक्सिक’ के हटते ही ‘पेड्डी’ ने मारी बाजी

दरअसल, सुपरस्टार यश की फिल्म ‘टॉक्सिक’ पहले 4 जून को रिलीज होने वाली थी। जैसे ही निर्माताओं ने इसके टलने की घोषणा की, ‘पेड्डी’ के मेकर्स ने बिना वक्त गंवाए इस आकर्षक तारीख को बुक कर लिया। राम चरण ने सोशल मीडिया पर पोस्टर साझा करते हुए लिखा— “मिलिए पेड्डी से, 4 जून को सिनेमाघरों में मिलते हैं।”

वरुण धवन की फिल्म से होगा सीधा मुकाबला

‘पेड्डी’ की रिलीज डेट घोषित होते ही जून के पहले हफ्ते में बड़े टकराव की स्थिति बन गई है। 4 जून को ही वरुण धवन की फिल्म ‘है जवानी तो इश्क होना है’ रिलीज होने वाली है।पहले वरुण की फिल्म को ‘टॉक्सिक’ से टकराव टालने के लिए 22 मई को शिफ्ट किया गया था, लेकिन ‘टॉक्सिक’ के हटते ही मेकर्स इसे वापस 4 जून पर ले आए। अब उन्हें ‘पेड्डी’ से कड़ी चुनौती मिलेगी।

सामंथा की फिल्म ‘मा इंटी बंगारम’ पर भी टिकी नजरें

बॉक्स ऑफिस पर यह मुकाबला त्रिकोणीय भी हो सकता है। चर्चा है कि सामंथा रुथ प्रभु की फिल्म ‘मा इंटी बंगारम’ भी 4 जून को ही सिनेमाघरों में आ सकती है।सामंथा की फिल्म पहले 15 मई को आने वाली थी, लेकिन आईपीएल के रोमांच के कारण इसे आगे बढ़ाया जा सकता है। अगर ऐसा हुआ, तो 4 जून को राम चरण, वरुण धवन और सामंथा के बीच जबरदस्त बॉक्स ऑफिस जंग देखने को मिलेगी।

जाह्नवी कपूर के साथ पहली बार दिखेंगे राम चरण

‘पेड्डी’ को लेकर हिंदी दर्शकों में भी काफी क्रेज है, क्योंकि इसमें पहली बार जाह्नवी कपूर, राम चरण के साथ स्क्रीन साझा करती नजर आएंगी। फिल्म का निर्देशन बुच्ची बाबू सना ने किया है और इसे एक बड़े स्तर की कमर्शियल एंटरटेनर बताया जा रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button