Jharkhand: गोइलकेरा मुठभेड़ में एक लाख का इनामी नक्सली इजराइल पूर्ति ढेर,सुरक्षाबलों को बड़ी सफलता

चाईबासा/गोइलकेरा: पश्चिमी सिंहभूम जिले के नक्सल प्रभावित गोइलकेरा थाना क्षेत्र में बुधवार को सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच हुई मुठभेड़ में एक लाख रुपये का इनामी नक्सली इजराइल पूर्ति मारा गया है। इजराइल पूर्ति संगाजटा सासंग साल गांव का निवासी था और लंबे समय से कोल्हान क्षेत्र में सक्रिय था।
गुप्त सूचना पर शुरू हुआ था सर्च ऑपरेशन
सुरक्षा एजेंसियों को गोइलकेरा के जंगल क्षेत्र में नक्सलियों की मौजूदगी की सटीक सूचना मिली थी। इसी इनपुट के आधार पर सुरक्षाबलों ने संयुक्त अभियान शुरू किया।सुरक्षाबल जैसे ही जंगल के अंदर पहुंचे, नक्सलियों ने उन पर फायरिंग शुरू कर दी। जवानों ने तुरंत मोर्चा संभालते हुए जवाबी फायरिंग की, जिसमें कुख्यात नक्सली इजराइल पूर्ति मारा गया। मुठभेड़ स्थल से हथियार और अन्य आपत्तिजनक नक्सली सामग्री बरामद होने की सूचना है।
नक्सल नेटवर्क को बड़ा झटका
इजराइल पूर्ति का मारा जाना क्षेत्र में सक्रिय नक्सली संगठन के लिए एक बड़ा नुकसान माना जा रहा है। वह कई हिंसक घटनाओं, लेवी वसूली और सुरक्षाबलों पर हमलों में शामिल रहा था। झारखंड सरकार ने उसकी गिरफ्तारी पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित कर रखा था। मुठभेड़ के बाद सुरक्षाबलों ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी है। कयास लगाए जा रहे हैं कि दस्ते के अन्य सदस्य अभी भी घने जंगलों में छिपे हो सकते हैं, जिनकी तलाश में बड़े पैमाने पर सर्च ऑपरेशन जारी है।
सुरक्षाबलों का बढ़ता दबाव
पिछले कुछ दिनों से कोल्हान और सारंडा के जंगलों में सुरक्षाबलों की दबिश लगातार बढ़ रही है। हाल ही में टोंटो थाना क्षेत्र में हुई मुठभेड़ और अब गोइलकेरा में इस सफलता ने नक्सलियों के मनोबल को तोड़ दिया है। जिला पुलिस और सीआरपीएफ इस अभियान को अपनी बड़ी उपलब्धि मान रही है।



