Jharkhand INFACTNews

Jharkhand: कलयुगी बेटी ने प्रेमी संग मिलकर की मां की हत्या, लाश को फ्रीजर में छिपाया

रांची : राजधानी के मनीटोला इलाके में नाहिद परवीन की हत्या के मामले ने पूरे शहर को स्तब्ध कर दिया है। इस जघन्य हत्याकांड का खुलासा तब हुआ जब पुलिस ने संदेह के आधार पर जांच शुरू की और मृतक महिला की गोद ली हुई बेटी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया।

6 महीने की उम्र में लिया था गोद, 19 साल बाद मिला ‘कत्ल’

मृतका नाहिद परवीन ने आरोपी युवती को तब गोद लिया था जब वह महज 6 महीने की थी। सालों तक लाड़-प्यार से पालने के बाद उसी बेटी ने अपने प्रेमी और उसके एक साथी के साथ मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया।युवती ने रात के समय अपने प्रेमी और उसके दोस्त को चुपके से घर बुलाया। तीनों ने मिलकर पहले नाहिद परवीन के साथ मारपीट की और फिर उनकी हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपियों ने सबूत मिटाने और किसी को भनक न लगने देने के लिए शव को घर में रखे डीप फ्रीजर के अंदर छिपा दिया।

साजिश: अंतिम संस्कार भी करा दिया, पर चोट के निशानों ने खोला राज

हत्या को प्राकृतिक मौत साबित करने के लिए बेटी ने बेहद शातिर चाल चली। उसने रिश्तेदारों को फोन कर बताया कि मां बाथरूम में गिर गई हैं और सिर में चोट लगने से उनकी मौत हो गई।रिश्तेदारों ने बेटी की बात पर भरोसा कर लिया और शव का अंतिम संस्कार (सुपुर्द-ए-खाक) भी कर दिया गया। हालांकि, अंतिम संस्कार के वक्त कुछ परिजनों ने नाहिद के गले पर कट के निशान और शरीर पर चोटें देखी थीं, जिससे शक पैदा हुआ और पुलिस को सूचना दी गई।

हत्या की वजह: पेंशन का पैसा और प्रेम संबंध

पुलिस पूछताछ में बेटी ने बताया कि वह अपनी मां की पेंशन का पैसा अपने प्रेमी को देती थी। नाहिद परवीन इसका विरोध करती थीं और वे इस प्रेम संबंध के खिलाफ थीं। मां अपनी बेटी की शादी कहीं और तय कर रही थीं, जिससे नाराज होकर बेटी ने प्रेमी के साथ मिलकर अपनी ही मां को रास्ते से हटाने की साजिश रची।

पुलिसिया कार्रवाई: कब्र खोदकर निकाला गया शव

रांची सिटी एसपी ने प्रेस वार्ता कर बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में कब्र से शव को निकाला गया और पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेजा गया है।फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से अहम साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस ने मुख्य आरोपी बेटी, उसके प्रेमी और साथी को गिरफ्तार कर लिया है। तीनों ने अपना गुनाह कबूल कर लिया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button