Bengal: कोलकाता में पीएम मोदी का मेगा रोड शो, ‘मोदी-मोदी’ के नारों से गूंजा उत्तर कोलकाता

कोलकाता: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के मतदान से ठीक पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को उत्तर कोलकाता में एक ऐतिहासिक रोड शो किया। ‘जय श्री राम’ और भाजपा के नए नारे “पलटनो दरकार, तेई भाजपा सरकार” (परिवर्तन के लिए भाजपा सरकार जरूरी है) के उद्घोष के साथ पीएम मोदी ने दो किलोमीटर लंबे मार्ग पर जनता का अभिवादन किया।
दो किलोमीटर लंबा ‘केसरिया’ जनसैलाब
प्रधानमंत्री का रोड शो बी. के. पाल एवेन्यू से शुरू होकर शोभा बाजार होते हुए खन्ना क्रॉसिंग पर समाप्त हुआ।पीएम मोदी एक विशेष भगवा वाहन पर सवार थे, जिसे गेंदे के फूलों, उनकी तस्वीरों और ‘कमल’ के कटआउट से भव्य रूप से सजाया गया था।सड़क के दोनों ओर समर्थकों की भारी भीड़ जमा थी। कई लोग अपने घरों की बालकनियों और खिड़कियों से प्रधानमंत्री पर फूल बरसा रहे थे और मोबाइल से इस पल को कैद करने में जुटे थे।
सुरक्षा के अभेद्य इंतजाम
उमड़ती भीड़ और उत्साह को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था बेहद कड़ी रही। एसपीजी , कोलकाता पुलिस की विशेष शाखा और केंद्रीय अर्धसैनिक बलों के जवानों को भीड़ को नियंत्रित करने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी। पूरे मार्ग पर ‘मोदी-मोदी’ और ‘भारत माता की जय’ के नारे गूंजते रहे, जिससे चुनावी माहौल पूरी तरह गरमा गया।
चुनावी गणित: 29 अप्रैल को दूसरे चरण की परीक्षा
प्रधानमंत्री का यह रोड शो दूसरे चरण के मतदान को प्रभावित करने की एक बड़ी कोशिश है। 23 अप्रैल को 152 सीटों पर हुए पहले चरण के मतदान में 93 प्रतिशत का रिकॉर्ड वोटिंग दर्ज किया गया है।दूसरा चरण में 29 अप्रैल को राज्य की शेष 142 सीटों पर मतदान होना है।चुनाव आयोग ने दूसरे चरण के लिए भी केंद्रीय बलों की भारी तैनाती और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं।



