BreakingJharkhand INFACTNews

Jharkhand: स्वर्णरेखा नदी तट पर मिला विशाल बम नष्ट, सेना के ऑपरेशन से ग्रामीणों ने ली राहत की सांस

बहरागोड़ा: पूर्वी सिंहभूम जिले के बहरागोड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत पानीपाड़ा गांव में पिछले एक सप्ताह से पसरा डर और सन्नाटा बुधवार सुबह खत्म हो गया, जब स्वर्णरेखा नदी के तट पर मिले एक विशालकाय बम को भारतीय सेना के बम निरोधक दस्ते ने सुरक्षित तरीके से विस्फोट कर नष्ट कर दिया।बुधवार सुबह करीब 11 बजे नियंत्रित विस्फोट के साथ बम को डिफ्यूज किया गया, जिसकी गूंज लगभग 3 किलोमीटर के दायरे तक सुनाई दी। इसके बाद पूरे इलाके को सुरक्षित घोषित कर दिया गया।

एक सप्ताह से दहशत में जी रहे थे ग्रामीण

नदी किनारे बम मिलने की खबर के बाद से ही पानीपाड़ा और आसपास के गांवों में भय का माहौल था। ग्रामीणों ने सुरक्षा कारणों से नदी की ओर जाना बंद कर दिया था।मामले की गंभीरता को देखते हुए बहरागोड़ा पुलिस ने तत्काल वरीय पुलिस अधीक्षक को सूचना दी, जिसके बाद भारतीय सेना से संपर्क किया गया। सेना की टीम के आने और ऑपरेशन की तैयारी में समय लगने के कारण ग्रामीण लगभग सात दिनों तक किसी अनहोनी की आशंका में जी रहे थे।

सुरक्षा के कड़े इंतजाम के बीच हुआ ऑपरेशन

बुधवार सुबह से ही घटनास्थल पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए मेडिकल टीम और अग्निशमन विभाग की गाड़ियां तैनात की गई थीं।इस पूरे ऑपरेशन की निगरानी घाटशिला के एसडीपीओ अजीत कुजूर, अंचलाधिकारी राजाराम सिंह मुंडा और थाना प्रभारी शंकर प्रसाद कुशवाहा कर रहे थे। साथ ही आसपास के तीन थानों की पुलिस बल ने इलाके की घेराबंदी कर दी थी ताकि कोई भी व्यक्ति विस्फोट की जद में न आए।

सेना की तकनीकी दक्षता से टला बड़ा खतरा

भारतीय सेना के बम निरोधक दस्ते ने अपनी तकनीकी दक्षता और पेशेवर क्षमता का परिचय देते हुए इस चुनौतीपूर्ण मिशन को सफलतापूर्वक पूरा किया।नियंत्रित विस्फोट के साथ बम को नष्ट कर दिया गया और इस दौरान किसी भी प्रकार का जान-माल का नुकसान नहीं हुआ।

ग्रामीणों ने लगाए जयकारे

बम नष्ट होने के बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली और “भारतीय सेना जिंदाबाद”, “भारत माता की जय” और “जिला पुलिस जिंदाबाद” के नारे लगाए।स्थानीय लोगों ने कहा कि प्रशासन और सेना ने उनकी सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी, जिसके लिए वे आभारी हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button