NewsUP INFACT

Uttar Pradesh: पूर्वांचल एक्सप्रेसवे की हवाई पट्टी पर फिर गरजेंगे लड़ाकू विमान, वायुसेना का बड़ा अभ्यास 2 दिन बाद

सुल्तानपुर: पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर अरवलकीरी करवत के पास बनी हवाई पट्टी पर दो दिन बाद भारतीय वायुसेना के लड़ाकू विमान एक बार फिर आसमान में गरजते नजर आएंगे। इसके लिए वायुसेना की ओर से लगभग सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और फिलहाल हवाई पट्टी वायुसेना की निगरानी में है।

वायुसेना और रक्षा मंत्रालय ने जारी किए पत्र

हवाई पट्टी पर होने वाले इस युद्धाभ्यास को लेकर वायुसेना की मध्य कमान पहले ही पत्र जारी कर चुकी थी। इसके बाद रक्षा मंत्रालय के प्रयागराज कार्यालय की ओर से भी आधिकारिक पत्र जारी किया गया है।इसके साथ ही मीडिया के लिए भी विशेष एडवाइजरी जारी की गई है, ताकि कवरेज के दौरान सुरक्षा और व्यवस्था बनी रहे।

अभ्यास स्थल के पास जाने पर प्रतिबंध

अभ्यास के दौरान सुरक्षा को देखते हुए आम लोगों की आवाजाही पर नियंत्रण रखा जाएगा।केवल वही लोग अभ्यास स्थल के पास जा सकेंगे जिनके नाम वायुसेना की टीम के पास दर्ज होंगे।बाकी लोगों को निर्धारित दूरी से ही कार्यक्रम देखने की अनुमति होगी।

पहले भी हो चुका है युद्धाभ्यास

पूर्वांचल एक्सप्रेसवे की इस हवाई पट्टी पर पहले भी वायुसेना कई बार अभ्यास कर चुकी है।यहां पहले इन लड़ाकू विमानों ने युद्धाभ्यास किया था जिसमे सुखोई,मिराज,जगुआर,हरक्यूलिस और राफेल जैसे लड़ाकू विमान शामिल थे। वर्ष 2019 और 2023 में भी यहां बड़े स्तर पर वायुसेना का अभ्यास कराया गया था।

21 अप्रैल तक पूरे होंगे सभी काम

यूपीडा के एमडी इमरान खान के अनुसार हवाई पट्टी पर बचे हुए सभी कार्य 21 अप्रैल तक पूरे कर लिए जाएंगे, ताकि वायुसेना का अभ्यास सुचारु रूप से कराया जा सके।

एक्सप्रेसवे पर वाहनों के लिए बदला गया रूट

अभ्यास के चलते लखनऊ-गाजीपुर के बीच आने-जाने वाले वाहनों के मार्ग में अस्थायी परिवर्तन किया गया है।

लखनऊ से गाजीपुर जाने वाले वाहन

*पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर गुप्तारगंज के पास किलोमीटर 124 से उतरना होगा
*वहां से अयोध्या-प्रयागराज मार्ग होते हुए कूरेभार जाना होगा
*फिर हलियापुर-बेलवाई मार्ग से होते हुए
*फुलौना के आगे किलोमीटर 129.8 पर एक्सप्रेसवे पर चढ़ सकेंगे

गाजीपुर से लखनऊ जाने वाले वाहन

*वाहनों को गौरा के पास से डायवर्ट किया जा रहा है
*फुलौना से बेलवाई-हलियापुर मार्ग से गुजरना होगा
*फिर गुप्तारगंज के पास सर्विस लेन से एक्सप्रेसवे पर चढ़ सकेंगे

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button