BreakingJharkhand INFACTNews

Jharkhand: कराईकेला पहुंचने पर छात्र नेता देवेंद्र महतो का जोरदार स्वागत, परीक्षा व्यवस्था में सुधार की उठाई मांग

कराईकेला: छात्र नेता देवेंद्र महतो के कराईकेला पहुंचने पर पार्टी कार्यकर्ताओं ने गर्मजोशी से उनका स्वागत किया। जिला अध्यक्ष राजेंद्र मेलगांडी के नेतृत्व में सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने फूल-माला और बुके देकर उनका अभिनंदन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने देवेंद्र महतो के समर्थन में जमकर नारेबाजी भी की।

24 जिलों में यात्रा कर युवाओं को कर रहे जागरूक

देवेंद्र महतो इन दिनों झारखंड के 24 जिलों में यात्रा निकालकर युवाओं और आम लोगों को जागरूक करने के अभियान पर हैं। यात्रा के दौरान वे युवाओं के भविष्य से जुड़े मुद्दों को लेकर लोगों से संवाद कर रहे हैं।उनका मुख्य जोर जेपीएससी समेत अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की व्यवस्था में सुधार, परीक्षा प्रक्रिया में पारदर्शिता और युवाओं को उचित अवसर दिलाने पर है।

परीक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता की मांग

देवेंद्र महतो ने कहा कि झारखंड के युवा प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए पूरी मेहनत और तैयारी करते हैं, लेकिन परीक्षा व्यवस्था में होने वाली गड़बड़ियों और अनियमितताओं के कारण उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ता है।उन्होंने कहा कि सरकार को प्रतियोगी परीक्षाओं की प्रक्रिया को पारदर्शी और व्यवस्थित बनाना चाहिए, ताकि मेहनत करने वाले युवाओं को उनका उचित अवसर मिल सके।

‘लाखों युवाओं के भविष्य की लड़ाई’

देवेंद्र महतो ने कहा कि उनकी यात्रा किसी एक व्यक्ति या संगठन की लड़ाई नहीं है, बल्कि झारखंड के लाखों युवाओं के भविष्य और उनके अधिकार की लड़ाई है।उन्होंने कहा कि 24 जिलों में जाकर लोगों को जागरूक किया जा रहा है और युवाओं से अपने अधिकार तथा भविष्य के लिए आवाज उठाने की अपील की जा रही है। उन्होंने जेपीएससी और अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की व्यवस्था में जरूरी सुधार तथा पूरी परीक्षा प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने की मांग की।

युवाओं से एकजुट होने की अपील

छात्र नेता ने युवाओं से अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने और एकजुट होकर शिक्षा एवं रोजगार से जुड़े मुद्दों पर आवाज उठाने की अपील की।उन्होंने कहा कि जब तक परीक्षा व्यवस्था में जरूरी सुधार नहीं होता, तब तक इस मुद्दे को लेकर जनजागरण अभियान जारी रहेगा।

स्वागत कार्यक्रम में ये कार्यकर्ता रहे मौजूद

कराईकेला में आयोजित स्वागत और बैठक के दौरान अम्बिका कुमार महतो, अखिलेश महतो, संजय महतो, कुलदीप महतो, अमरीन महतो और सुबोध महतो समेत बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button