Jharkhand INFACTNews

Jharkhand: झारखंड को मिलेगा नया लोकायुक्त, सेवानिवृत्त जस्टिस अमिताभ कुमार गुप्ता कल लेंगे शपथ

रांची : झारखंड के प्रशासनिक और न्यायिक गलियारे से एक बड़ी खबर सामने आ रही है। लंबे इंतजार के बाद राज्य को नया लोकायुक्त मिल गया है। झारखंड उच्च न्यायालय के सेवानिवृत्त न्यायमूर्ति अमिताभ कुमार गुप्ता कल यानी 21 अप्रैल को झारखंड के लोकायुक्त के रूप में पद और गोपनीयता की शपथ लेंगे।

राजभवन में होगा शपथ ग्रहण समारोह

शपथ ग्रहण समारोह का भव्य आयोजन रांची स्थित राजभवन में सुबह 11:30 बजे किया जाएगा। झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार उन्हें पद की शपथ दिलाएंगे। इस गरिमामय अवसर पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन समेत राज्य के कई वरिष्ठ नेता, मंत्री और न्यायिक अधिकारी मौजूद रहेंगे।

5 वर्षों का लंबा इंतजार खत्म

बता दें कि झारखंड में पिछले पांच वर्षों से लोकायुक्त का पद खाली पड़ा था। इस कारण लोकायुक्त कार्यालय में भ्रष्टाचार से जुड़ी शिकायतों और मामलों की सुनवाई पूरी तरह प्रभावित थी। जस्टिस गुप्ता के कार्यभार संभालते ही भ्रष्टाचार से जुड़े सैकड़ों लंबित मामलों की सुनवाई में अब तेजी आएगी। सरकारी तंत्र में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने के प्रयासों को बल मिलेगा।

जस्टिस अमिताभ कुमार गुप्ता का लंबा न्यायिक अनुभव

नवनियुक्त लोकायुक्त जस्टिस अमिताभ कुमार गुप्ता का न्यायिक करियर काफी प्रभावशाली रहा है। वे साल 1997 से न्यायिक सेवा से जुड़े रहे हैं। उन्होंने अपने कार्यकाल में कई चर्चित मामलों की सुनवाई की है, जिनमें बहुचर्चित चारा घोटाला मामला भी शामिल है।लोकायुक्त बनने से पूर्व वे झारखंड विद्युत नियामक आयोग के अध्यक्ष जैसे महत्वपूर्ण संवैधानिक पद पर भी अपनी सेवाएं दे चुके हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button