Bihar INFACTNews

Bihar:पटना सिटी में जेपी गंगा पथ किनारे अतिक्रमण पर तीसरे दिन भी कार्रवाई, 37 निर्माण ध्वस्त

पटना सिटी: भद्रघाट से दीदारगंज के बीच जेपी गंगा पथ के समानांतर गंगा किनारे बन रही फोरलेन सड़क में बाधा बने अतिक्रमण को हटाने का अभियान सोमवार को तीसरे दिन भी जारी रहा। प्रशासन ने बुलडोजर चलाकर कई कच्चे-पक्के निर्माणों को हटाया।

डीएम के निर्देश पर चला अभियान

जिलाधिकारी डा. त्यागराजन एसएम के निर्देश पर अनुमंडलाधिकारी सत्यम सहाय की निगरानी में यह कार्रवाई की गई।खाजेकलां से लेकर महाराज घाट के बीच 37 कच्चे-पक्के अतिक्रमणों को हटाया गया।

कई अतिक्रमणकारियों को नोटिस

प्रशासन के अनुसार 34 मामलों में दावेदारी न्यायालय में लंबित है।24 अतिक्रमणकारी कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके।ऐसे लोगों को नोटिस जारी कर 15 दिन का समय दिया गया है।

झुग्गियां, गुमटी और दुकानें हटाई गईं

अभियान के दौरान कई प्रकार के अस्थायी और स्थायी निर्माण हटाए गए।हटाए गए निर्माणों में 18 करकट से बनी झुग्गी-झोपड़ियां,8 गुमटी,8 गोशाला,3 चाय-नाश्ता की दुकानें शामिल हैं।अभियान के दौरान कई जगह विरोध भी देखने को मिला, लेकिन प्रशासन की टीम और पुलिस बल की मौजूदगी में कार्रवाई जारी रही।

फोरलेन सड़क निर्माण कार्य भी जारी

कार्रवाई के दौरान भी भद्रघाट से कंगन घाट तक गंगा किनारे फोरलेन सड़क का निर्माण कार्य चलता रहा।पहले से मौजूद दो लेन सड़क के उत्तर और दक्षिण में दो अतिरिक्त लेन बनते देख स्थानीय लोगों में उत्साह नजर आया।

“अभियान नहीं रुकेगा” – डीएम

डीएम डा. त्यागराजन एसएम ने स्पष्ट कहा कि महत्वपूर्ण सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की बाधा स्वीकार नहीं की जाएगी।उन्होंने कहा कि जनहित से जुड़ी योजनाओं के लिए गंगा नदी के किनारे अतिक्रमण किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और अतिक्रमण हटाने का अभियान लगातार जारी रहेगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button