BreakingJharkhand INFACTNews

Jharkhand: चतरा–हजारीबाग बॉर्डर पर मुठभेड़ में 4 नक्सली ढेर, 15 लाख का इनामी सहदेव महतो भी मारा गया

हजारीबाग : झारखण्ड में सुरक्षाबलों को नक्सलियों के खिलाफ बड़ी सफलता मिली है। चतरा और हजारीबाग जिले की सीमा पर स्थित जंगलों में पुलिस और नक्सलियों के बीच हुई भीषण मुठभेड़ में चार कुख्यात नक्सली मारे गए हैं।यह कार्रवाई इंटेलिजेंस इनपुट के आधार पर की गई, जिसमें पुलिस और सुरक्षा बलों की संयुक्त टीम ने इलाके में अभियान चलाया।

15 लाख का इनामी सहदेव महतो मारा गया

मारे गए नक्सलियों में कुख्यात नक्सली कमांडर सहदेव महतो भी शामिल है, जिसके सिर पर 15 लाख रुपये का इनाम घोषित था।सहदेव महतो को इलाके में कई बड़ी नक्सली वारदातों का मास्टरमाइंड माना जाता था। इसके अलावा महिला नक्सली कमांडर नताशा भी इस मुठभेड़ में मारी गई है, जो संगठन की सक्रिय सदस्य बताई जा रही है।

भारी मात्रा में हथियार और गोला-बारूद बरामद

मुठभेड़ के बाद चलाए गए सर्च ऑपरेशन में सुरक्षाबलों को बड़ी सफलता मिली है। घटनास्थल से अब तक 2 AK-47 राइफल,अन्य आधुनिक और देशी हथियार,बड़ी मात्रा में कारतूस,नक्सली साहित्य,दैनिक उपयोग का सामान बरामद किया गया है।

कैसे हुई मुठभेड़?

जानकारी के अनुसार, पुलिस को चतरा–हजारीबाग बॉर्डर के जंगलों में नक्सलियों के एक दस्ते की मौजूदगी की गुप्त सूचना मिली थी।इसी सूचना के आधार पर पुलिस और सुरक्षा बलों की संयुक्त टीम ने इलाके की घेराबंदी कर सर्च ऑपरेशन शुरू किया। खुद को घिरा देख नक्सलियों ने सुरक्षाबलों पर फायरिंग शुरू कर दी।जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी मोर्चा संभाला और दोनों ओर से घंटों तक गोलीबारी होती रही। इस भीषण मुठभेड़ में चार नक्सली मौके पर ही मारे गए, जबकि कुछ अन्य के घायल होने की संभावना जताई जा रही है।

इलाके में सर्च ऑपरेशन जारी

मुठभेड़ के बाद सुरक्षाबलों ने पूरे इलाके में सर्च ऑपरेशन तेज कर दिया है। पुलिस को आशंका है कि नक्सलियों के कुछ अन्य सदस्य भी आसपास के जंगलों में छिपे हो सकते हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button