Bihar: नालंदा में एनआईए और एटीएस की संयुक्त कार्रवाई, बिहारशरीफ के लहेरी इलाके में कई ठिकानों पर छापेमारी

नालंदा: नालंदा जिले में सोमवार सुबह सुरक्षा एजेंसियों की बड़ी कार्रवाई से हड़कंप मच गया। राष्ट्रीय जांच एजेंसी और आतंकवाद निरोधी दस्ता की टीम ने बिहारशरीफ के लहेरी थाना क्षेत्र स्थित लहेरी मोहल्ला में एक साथ कई ठिकानों पर छापेमारी की।

सुबह 4 बजे पहुंची एजेंसियों की टीम

जानकारी के मुताबिक एजेंसियों की टीम सुबह करीब 4 बजे ही बिहारशरीफ पहुंच गई थी। स्थानीय पुलिस बल के सहयोग से सुबह करीब 7 बजे से सघन तलाशी अभियान शुरू किया गया। इस दौरान इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई।

हथियार और ज्वेलरी दुकानों समेत कई जगह छापे

तलाशी अभियान के दौरान लहेरी मोहल्ला स्थित एक बंदूक दुकान में अधिकारियों ने हथियारों और कारतूसों का गहन सत्यापन किया। दुकान में मौजूद हर एक हथियार और उसके रिकॉर्ड का मिलान किया गया ताकि किसी भी तरह की अनियमितता या अवैध गतिविधि का पता लगाया जा सके।बताया जा रहा है कि बंदूक दुकान और ज्वेलरी दुकान समेत कुल छह से अधिक स्थानों पर छापेमारी की गई, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

जांच में जुटी केंद्रीय एजेंसियां

हालांकि इस कार्रवाई के पीछे का स्पष्ट कारण अभी सामने नहीं आया है। एजेंसियों की ओर से इस मामले में अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।फिलहाल पुलिस और केंद्रीय एजेंसियां पूरे मामले की जांच में जुटी हुई हैं और इलाके में सुरक्षा व्यवस्था को और कड़ा कर दिया गया है।

Exit mobile version