Bihar INFACTNews

Bihar: ज्वैलरी शॉप के स्टाफ ने दिखाई दिलेरी, पिस्तौल तानकर लूटने आए बदमाशों को खदेड़ा

बिहार शरीफ : बिहार शरीफ के लहेरी थाना क्षेत्र स्थित काशी तकिया मोहल्ला की गली में सोमवार को लूट की एक सनसनीखेज वारदात होते-होते बची। चौक बाजार स्थित ‘मुन्नालाल महेश लाल आर्य जेवेलर्स’ के स्टाफ अशोक कुमार ने अदम्य साहस का परिचय देते हुए न केवल लूट की कोशिश को नाकाम किया, बल्कि हथियारबंद अपराधियों के हाथ से पिस्तौल भी छीन ली। शोर मचते देख तीनों अपराधी अपनी बाइक मौके पर ही छोड़कर फरार हो गए।

फिल्मी अंदाज में पीछा, फिर तान दी पिस्तौल

दुकान के संचालक सुभाष कुमार के अनुसार, कर्मचारी अशोक कुमार दुकान के किसी जरूरी काम से पटना जाने के लिए निकले थे। तभी बाइक पर सवार तीन अपराधियों ने उनका पीछा करना शुरू किया। काशी तकिया मोहल्ला की तंग गली में अपराधियों ने अशोक कुमार को घेर लिया और उन पर पिस्तौल तान दी। बदमाश उनका बैग छीनने की कोशिश कर रहे थे। अशोक कुमार डरे नहीं और उन्होंने फुर्ती दिखाते हुए एक अपराधी को दबोच लिया। छीना-झपटी के दौरान अशोक ने अपराधी के हाथ से पिस्तौल छीन ली और शोर मचाना शुरू कर दिया। जनता को इकट्ठा होता देख और खुद को निहत्था पाकर तीनों अपराधी अपनी मोटरसाइकिल वहीं छोड़कर पैदल ही गलियों में भाग निकले।

पुलिस की कार्रवाई: हथियार और बाइक ज़ब्त

घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम और लहेरी थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुँची। पुलिस ने घटनास्थल से अपराधियों की बाइक, एक पिस्तौल और एक जिंदा कारतूस को ज़ब्त कर लिया है। पुलिस अब मोहल्ले और आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि फरार अपराधियों की पहचान की जा सके। लहेरी थाना प्रभारी ने बताया कि बाइक के नंबर के जरिए अपराधियों के गिरोह तक पहुँचने का प्रयास किया जा रहा है।

शहर में चर्चा का विषय बनी अशोक की दिलेरी

जिस तरह से अशोक कुमार ने जान की परवाह किए बिना हथियारबंद बदमाशों का सामना किया, उसकी पूरे बिहार शरीफ में चर्चा हो रही है। स्थानीय व्यापारियों ने अशोक की इस बहादुरी की सराहना की है और पुलिस से जल्द से जल्द अपराधियों को गिरफ्तार करने की मांग की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button