NewsUP INFACT

Uttar Pradesh: बाराबंकी में बिजली के केबिल विवाद में युवक की पीट-पीटकर हत्या, बचाने आई पत्नी गंभीर घायल

बाराबंकी।बाराबंकी जिले के निंदूरा क्षेत्र में रविवार सुबह बिजली के केबिल को लेकर शुरू हुआ विवाद हिंसक हो गया। पड़ोसियों ने युवक पर ईंट और बल्ली से हमला कर उसकी हत्या कर दी, जबकि बीच-बचाव करने आई उसकी पत्नी भी गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

बिजली के केबिल को लेकर लंबे समय से चल रहा था विवाद

घटना महत्तवानी गांव की बताई जा रही है, जो घुंघटेर थाना क्षेत्र के अंतर्गत आता है। यहां रहने वाले सुरेंद्र यादव (40) मूल रूप से हरदोई जिले के निवासी थे, लेकिन शादी के बाद पिछले 17 वर्षों से अपनी ससुराल में रह रहे थे।बताया जा रहा है कि पड़ोसी मांगू और राम खेलावन ने अपने घर तक बिजली का केबिल सुरेंद्र के मकान की छत से होकर निकाल रखा था। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था।

बरसात में करंट उतरने का रहता था खतरा

ग्रामीणों के अनुसार, बरसात के दौरान केबिल में करंट उतरने का खतरा बना रहता था, जिससे बच्चों की जान को जोखिम था। सुरेंद्र कई बार पड़ोसियों से केबिल हटाने की मांग कर चुके थे, लेकिन वे मानने को तैयार नहीं थे।रविवार सुबह सुरेंद्र ने खुद ही केबिल खींचकर नीचे फेंक दिया, जिससे विवाद और बढ़ गया।

ईंट और बल्ली से हमला कर उतारा मौत के घाट

इस बात से नाराज होकर पड़ोसी मांगू और राम खेलावन ने सुरेंद्र पर अचानक हमला कर दिया। पहले ईंटों से वार किया गया, फिर बल्ली से बेरहमी से पीटा गया।शोर सुनकर सुरेंद्र की पत्नी आरती बचाने के लिए दौड़ी, लेकिन आरोपियों ने उसे भी मारपीट कर घायल कर दिया। हमले में सुरेंद्र के सिर पर गंभीर चोटें आईं और वह लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ा।

पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी

स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने सुरेंद्र को मृत घोषित कर दिया, जबकि आरती का इलाज जारी हैपुलिस के अनुसार, अभी तहरीर नहीं मिली है, लेकिन मामले की जांच की जा रही है। आरोपियों की पहचान कर उनकी तलाश शुरू कर दी गई है। जल्द ही गिरफ्तारी कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है और मृतक के परिवार में मातम पसरा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button