Bihar: नालंदा में घूस लेते रंगे हाथ पकड़ी गईं पंचायती राज पदाधिकारी, ₹12 हजार रिश्वत लेते विजिलेंस ने किया गिरफ्तार

नालंदा/पटना: बिहार में भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए निगरानी विभाग की टीम ने बड़ी कार्रवाई की है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के गृह जिला नालन्दा में नगरनौसा प्रखंड की पंचायती राज पदाधिकारी अनुष्का कुमारी को 12 हजार रुपये घूस लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया है। इस कार्रवाई के बाद जिले के प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया है।

योजना की फाइल बढ़ाने के नाम पर मांगी थी रिश्वत

जानकारी के अनुसार, नगरनौसा प्रखंड के खपुरा गांव निवासी अजय कुमार से पंचायत योजना की फाइल आगे बढ़ाने के नाम पर रिश्वत मांगी गई थी।शिकायतकर्ता अजय कुमार ने बताया कि गांव में छठ घाट की सीढ़ी निर्माण योजना को शुरू करने और उसकी फाइल आगे बढ़ाने के लिए बीपीआरओ अनुष्का कुमारी बार-बार पैसों की मांग कर रही थीं। कई बार अनुरोध करने के बावजूद जब उन्होंने रिश्वत देने से इनकार नहीं किया, तब पीड़ित ने इसकी शिकायत निगरानी विभाग से की।

निगरानी विभाग ने बिछाया जाल, रंगे हाथ पकड़ी गईं

शिकायत मिलने के बाद बिहार निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने मामले की जांच की। जांच में शिकायत सही पाए जाने पर विशेष टीम का गठन किया गया और कार्रवाई की योजना बनाई गई।निगरानी टीम के निर्देश पर शिकायतकर्ता अजय कुमार तय योजना के तहत पैसे लेकर अधिकारी के पास पहुंचे। जैसे ही उन्होंने 12 हजार रुपये दिए, पहले से घात लगाए बैठे विजिलेंस के अधिकारियों ने तुरंत छापा मारकर अनुष्का कुमारी को पकड़ लिया।
बताया जाता है कि गिरफ्तारी के दौरान अधिकारी ने हाथ छुड़ाकर भागने की कोशिश भी की, लेकिन मौके पर मौजूद महिला अधिकारियों और जवानों ने उन्हें तुरंत काबू में कर लिया।

पूछताछ के बाद कोर्ट में होगी पेशी

गिरफ्तारी के बाद निगरानी टीम आरोपी अधिकारी को अपने साथ लेकर नालंदा से निकल गई। फिलहाल उनसे पूछताछ की जा रही है। पूछताछ के बाद उन्हें अदालत में पेश किया जाएगा।इस कार्रवाई के बाद जिले में हलचल मच गई है। बताया जा रहा है कि निगरानी विभाग आरोपी अधिकारी के कार्यालय में अन्य भ्रष्टाचार से जुड़े मामलों की भी जांच कर सकता है।

पहले भी सामने आ चुकी हैं शिकायतें

कार्रवाई के बाद कई स्थानीय लोगों ने भी आरोप लगाया कि उक्त अधिकारी किसी भी काम के लिए पैसे की मांग करती थीं।बिहार सरकार पहले से ही भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त रुख अपनाए हुए है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने स्पष्ट किया है कि सरकारी काम के लिए रिश्वत मांगने वाले अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी और आरोप सिद्ध होने पर उनकी नौकरी भी जा सकती है।

Exit mobile version