Bihar: मोतिहारी में साइबर ठग गिरफ्तार, वृद्धा पेंशन योजना में फर्जी दस्तावेज बनाकर कर रहा था ठगी

मोतिहारी: साइबर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की महत्वाकांक्षी वृद्धा पेंशन योजना में फर्जीवाड़ा कर सरकारी धन की ठगी करने वाले एक साइबर अपराधी को गिरफ्तार किया है।गिरफ्तार आरोपी की पहचान चंदन यादव के रूप में हुई है, जो कम उम्र के लोगों के दस्तावेजों में हेरफेर कर उन्हें वृद्धा पेंशन योजना का लाभ दिलाने का काम करता था।

फर्जी दस्तावेज बनाकर दिलाता था पेंशन का लाभ

पुलिस के अनुसार आरोपी पचपकड़ी थाना क्षेत्र के बशहीं गांव में फेंकू यादव के घर से साइबर अपराध का संचालन कर रहा था।वह कम उम्र के लोगों का जन्म प्रमाण पत्र बनवाकर उनके आधार कार्ड में उम्र बढ़ा देता था, जिससे वे वृद्धा पेंशन योजना का लाभ लेने के योग्य बन जाते थे। इस तरह सैकड़ों लोगों को गलत तरीके से योजना का लाभ दिलाया गया।

पुलिस ने छापेमारी कर किया खुलासा

गुप्त सूचना के आधार पर मोतिहारी साइबर थाना की टीम ने जितना, बनकटवा और पचपकड़ी थाना क्षेत्रों में छापेमारी की।इस दौरान पुलिस ने भंडार गांव से आरोपी चंदन यादव को गिरफ्तार कर पूरे रैकेट का खुलासा किया।

कई दस्तावेज और उपकरण बरामद

छापेमारी के दौरान पुलिस ने आरोपी के पास से भारी मात्रा में आपत्तिजनक सामग्री बरामद की है, जिनमें आधार कार्ड,वृद्धा पेंशन योजना के फॉर्म,जन्म प्रमाण पत्र,लैपटॉप,फिंगरप्रिंट स्कैनर,डेमो फिंगरप्रिंट,मोबाइल, वेबकैम और कैमरा शामिल है।

गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश जारी

मामले की जानकारी देते हुए अभिनव पाराशर, साइबर डीएसपी, ने बताया कि यह एक संगठित गिरोह है जो सरकारी योजनाओं में फर्जी दस्तावेज तैयार कर लोगों को लाभ दिलाने के नाम पर साइबर ठगी कर रहा था।पुलिस अब इस गिरोह के अन्य सदस्यों संदीप यादव, सुमन यादव, फेंकू यादव और धीरज यादव की तलाश में जुटी हुई है।फिलहाल पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है और संभावना है कि इस मामले में और भी खुलासे हो सकते हैं।

Exit mobile version