Jharkhand: गुमटी की आड़ में चल रहा था अवैध शराब का कारोबार, 286 बोतल विदेशी शराब के साथ संचालक गिरफ्तार

जमशेदपुर: पूर्वी सिंहभूम जिले के कमलपुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने गुमटी की आड़ में कथित रूप से चल रहे अवैध शराब कारोबार का खुलासा किया है। बांकुचिया मोड़ पर मंगलवार शाम की गई छापेमारी में पुलिस ने अलग-अलग ब्रांड की 286 बोतल विदेशी शराब बरामद की। जब्त शराब की कुल मात्रा 62.985 लीटर और अनुमानित बाजार मूल्य करीब 70 हजार रुपये बताया गया है। पुलिस ने मौके से गुमटी संचालक गणेश महतो को गिरफ्तार कर लिया है।

गुप्त सूचना पर गठित हुई छापेमारी टीम

बुधवार को पटमदा डीएसपी दयानन्द ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि वरीय पुलिस अधीक्षक को गुप्त सूचना मिली थी कि बांकुचिया मोड़ स्थित गणेश महतो की गुमटी में अवैध रूप से शराब की खरीद-बिक्री की जा रही है। साथ ही, वहां लोगों को शराब पिलाने की भी सूचना थी।सूचना के सत्यापन और कार्रवाई के लिए कमलपुर थाना प्रभारी के नेतृत्व में छापेमारी दल का गठन किया गया। इसके बाद मंगलवार शाम करीब 7:30 बजे पुलिस टीम ने बांकुचिया मोड़ स्थित गुमटी में छापेमारी की।

गुमटी के पीछे बने कमरे से मिली शराब

तलाशी के दौरान गुमटी के पीछे बने कमरे से अलग-अलग ब्रांड और मात्रा की विदेशी शराब बरामद की गई। पुलिस ने जब संचालक गणेश महतो से शराब की बिक्री और भंडारण से संबंधित लाइसेंस एवं वैध दस्तावेज मांगे, तो वह कोई कागजात प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर शराब जब्त कर ली।छापेमारी में रॉयल चैलेंज – 124 बोतल,आइकोनिक व्हाइट एलीट – 61 बोतल, स्टर्लिंग रिजर्व बी7 – 87 बोतल और ओल्ड मॉन्क रम – 14 बोतल बरामद किया गया है। इसके अलावा दो आधी भरी शराब की बोतलें, पानी की दो आधी भरी बोतलें और छह डिस्पोजेबल गिलास भी बरामद किए गए।

शराब पिलाने के आरोप की भी होगी जांच

डीएसपी दयानन्द ने बताया कि इस कार्रवाई में एक अहम पहलू यह भी है कि पुलिस को गुमटी पर अवैध शराब बेचने के साथ-साथ लोगों को शराब पिलाए जाने की सूचना मिली थी। मौके से आधी भरी शराब की बोतलों और डिस्पोजेबल गिलासों की बरामदगी को पुलिस जांच में साक्ष्य के तौर पर देख रही है।फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Exit mobile version