पतरातू: लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा को लेकर पतरातू डैम में तैयारियां तेज हो गई हैं। आगामी 15 और 16 नवंबर 2026 को यहां आस्था और भक्ति का भव्य आयोजन होगा। राष्ट्र संचेतना सामाजिक संस्था पिछले 25 वर्षों से पतरातू डैम के मनोरम छठ घाट पर इस महापर्व का आयोजन करती आ रही है। इसी गौरवशाली परंपरा को आगे बढ़ाते हुए इस वर्ष भी आयोजन को भव्य, सुव्यवस्थित और आकर्षक बनाने की तैयारी की जा रही है।
पीटीपीएस लेक रिसोर्ट में संस्था की महत्वपूर्ण बैठक
आयोजन की तैयारियों को लेकर 11 नवंबर 2026 को पीटीपीएस लेक रिसोर्ट, पतरातू में राष्ट्र संचेतना सामाजिक संस्था की कार्यकारिणी की महत्वपूर्ण बैठक हुई। बैठक की अध्यक्षता संस्था के अध्यक्ष राकेश प्रसाद ने की, जबकि संचालन सचिव दिलीप प्रसाद ने किया।बैठक में अब तक की गई तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई। आयोजन से जुड़े विभिन्न विभागों की जिम्मेदारियों, व्यवस्थाओं और कार्यों की प्रगति पर चर्चा हुई। सभी पदाधिकारियों और सदस्यों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर अपनी जिम्मेदारियां पूरी करने का निर्देश दिया गया।
आस्था, संस्कृति और सामाजिक एकता का प्रतीक है छठ महापर्व
संस्था के अध्यक्ष राकेश प्रसाद ने कहा कि पतरातू डैम का छठ महापर्व केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि आस्था, संस्कृति, परंपरा और सामाजिक एकता का प्रतीक है। पिछले 25 वर्षों से संस्था पूरी श्रद्धा और समर्पण के साथ इस आयोजन को सफल बनाती आ रही है।उन्होंने कहा कि इस वर्ष भी प्रयास है कि श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं, सुरक्षित वातावरण और भव्य आयोजन का अनुभव मिले। क्षेत्रवासियों और श्रद्धालुओं के सहयोग से ही यह आयोजन ऐतिहासिक और यादगार बन सकेगा।
छठ व्रतियों से घाट पर स्थान आरक्षित नहीं करने की अपील
राष्ट्र संचेतना सामाजिक संस्था ने छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं से विशेष अपील की है कि कोई भी व्यक्ति छठ घाट पर किसी प्रकार से स्थान आरक्षित न करे। सभी श्रद्धालु समय पर घाट पहुंचकर उपलब्ध स्थान पर अपना स्थान ग्रहण करें और एक-दूसरे के साथ सहयोग, सद्भाव एवं भाईचारे का परिचय दें।संस्था ने कहा कि छठ महापर्व समानता, पवित्रता और सामूहिक आस्था का पर्व है। इसलिए सभी श्रद्धालु मिलकर इसकी पवित्रता और गरिमा बनाए रखें। संस्था ने समस्त क्षेत्रवासियों से इस पावन आयोजन में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की है।
बैठक में कई पदाधिकारी और सदस्य रहे मौजूद
बैठक में धन्यवाद ज्ञापन जिला परिषद सदस्य राजाराम प्रजापति ने किया। इस अवसर पर दशरथ कुर्मी, अनिल राय, रंजन कुमार भगत, सोनू कुशवाहा, किशोर कुमार महतो, अजीत कुमार, पंकज सिंह, राहुल कु सिंह, विजय सिंह, ऋषि राज, बी.के. उपाध्याय, अनीता जैन, मालती गुप्ता, विजय राय, रितेश ठाकुर, सूरज कुमार, प्रेम सिंह, विकास गुप्ता, नूतन महतो, अशोक ठाकुर, रमाकांत कुमार, शिबू उरांव, नीरज राय, विश्वजीत भारद्वाज, हिमांशु त्रिपाठी, भुवनेश्वर सिंह, लक्की राव, मनीष चौबे, शांतनु राज, गणेश ठाकुर और अवधेश विश्वकर्मा सहित अन्य गणमान्य सदस्य उपस्थित रहे।
