जमशेदपुर: त्योहारों के दौरान यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए टाटानगर रेलवे स्टेशन पर यात्री सुविधाओं और भीड़ प्रबंधन के लिए विशेष व्यवस्था की गई। रेलवे प्रशासन ने ट्रेन संख्या 18103 टाटा-अमृतसर एक्सप्रेस और ट्रेन संख्या 28181 टाटा-कटिहार एक्सप्रेस में यात्रियों की आवाजाही को व्यवस्थित तरीके से संचालित किया। इस दौरान स्टेशन परिसर में भीड़ नियंत्रण और यात्रियों की सुरक्षित आवाजाही पर विशेष ध्यान दिया गया।
वरिष्ठ अधिकारियों की निगरानी में हुआ व्यवस्था का संचालन
पूरी व्यवस्था का संचालन एडीआरएम/सीकेपी श्री ए. त्रिपाठी, सीनियर डीसीएम/सीकेपी श्री आदित्य कुमार चौधरी और एआरएम/टाटानगर श्री नितिश कुमार की प्रत्यक्ष निगरानी में किया गया। अधिकारियों के मार्गदर्शन में रेलवे के आरपीएफ और वाणिज्य विभाग की टीमों ने आपसी समन्वय के साथ जिम्मेदारी निभाई।
यात्रियों के लिए की गई कतारबद्ध व्यवस्था
स्टेशन पर यात्रियों की सुविधा के लिए कतारबद्ध व्यवस्था सुनिश्चित की गई। इससे प्लेटफॉर्म पर अनावश्यक भीड़ जमा होने से रोकने और यात्रियों की आवाजाही निर्बाध बनाए रखने में मदद मिली।आरपीएफ कर्मियों ने सुरक्षा व्यवस्था संभाली, जबकि वाणिज्य विभाग की टीम ने यात्रियों को आवश्यक सहयोग प्रदान किया।
सामूहिक प्रयास से सुचारू रहा यात्री प्रबंधन
रेलवे अधिकारियों और कर्मचारियों के सामूहिक प्रयास से त्योहारों के दौरान यात्रियों की भारी भीड़ के बावजूद दोनों ट्रेनों का यात्री प्रबंधन सुचारू रूप से संपन्न हुआ।रेलवे प्रशासन का उद्देश्य त्योहारों के दौरान यात्रियों को सुरक्षित, व्यवस्थित और सुविधाजनक यात्रा अनुभव उपलब्ध कराना है।
