मनोरंजन डेस्क: ‘आवारापन 2’ की सफलता के बाद इमरान हाशमी के प्रशंसकों को उनकी अगली फिल्म ‘गनमास्टर G9’ का इंतजार है। बुधवार, 11 नवंबर को फिल्म का ट्रेलर रिलीज कर दिया गया, जिसे लेकर सोशल मीडिया पर चर्चा तेज है। आदित्य दत्त के निर्देशन में बनी इस रोमांटिक थ्रिलर में इमरान हाशमी के साथ जेनेलिया डिसूजा और अपारशक्ति खुराना भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे।
2 मिनट 41 सेकंड के ट्रेलर में एक्शन और रोमांस का तड़का
‘गनमास्टर G9’ का 2 मिनट 41 सेकंड का ट्रेलर एक्शन, इमोशन और रोमांस से भरपूर है। इसमें इमरान हाशमी का गैंगस्टर अवतार देखने को मिल रहा है। ट्रेलर में एक गैंगस्टर, उसके अतीत और वर्तमान की कहानी की झलक दिखाई गई है।इमरान और जेनेलिया की रोमांटिक केमिस्ट्री भी ट्रेलर का खास आकर्षण है। दमदार संवाद, एक्शन सीक्वेंस और सीन्स की प्रस्तुति फिल्म को लेकर दर्शकों की उत्सुकता बढ़ा रही है।
अपारशक्ति खुराना निभाएंगे विलेन का किरदार
फिल्म में अपारशक्ति खुराना बिल्कुल अलग अंदाज में नजर आएंगे। वह विलेन की भूमिका निभा रहे हैं। ट्रेलर में इमरान हाशमी और अपारशक्ति खुराना के बीच जबरदस्त टकराव और लड़ाई की झलक देखने को मिलती है।वहीं, जेनेलिया का ट्रेलर में स्क्रीन टाइम भले ही कम है, लेकिन उनकी मौजूदगी अपनी छाप छोड़ती है। इस फिल्म में इमरान हाशमी एक बार फिर अपने पुराने लवर बॉय और गैंगस्टर वाले अंदाज में दिखाई देंगे।हाल ही में फिल्म की शूटिंग के दौरान इमरान हाशमी का एक खतरनाक स्टंट करते हुए वीडियो भी सामने आया था। इसे देखकर उनके प्रशंसकों ने अभिनेता की सुरक्षा को लेकर चिंता जाहिर की थी।
27 नवंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी फिल्म
‘गनमास्टर G9’ 27 नवंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है। इसी तारीख को आयुष्मान खुराना और शरवरी की फिल्म ‘ये प्रेम मोल लिया’ भी रिलीज होगी। ऐसे में बॉक्स ऑफिस पर दोनों फिल्मों के बीच मुकाबला देखने को मिलेगा। खास बात यह है कि ‘गनमास्टर G9’ में अपारशक्ति खुराना और दूसरी फिल्म में आयुष्मान खुराना नजर आएंगे।इमरान हाशमी और निर्देशक आदित्य दत्त इससे पहले ‘आशिक बनाया आपने’ और ‘दिल दिया है’ जैसी फिल्मों में साथ काम कर चुके हैं। करीब दो दशक बाद दोनों की जोड़ी फिर से साथ आई है। ऐसे में दर्शकों को ‘गनमास्टर G9’ से काफी उम्मीदें हैं।
