Madhya Pradesh: बेटे की साइकिल के लिए मांगे पैसे, विवाद बढ़ा तो पति ने बेल्ट से पीट-पीटकर पत्नी को मार डाला

बैतूल: मध्य प्रदेश के बैतूल जिले से रूह कंपा देने वाली एक घटना सामने आई है। शाहपुर थाना क्षेत्र के ग्राम ढप्पा (खेड़ाढाना) में एक शख्स ने मामूली आर्थिक विवाद के बाद अपनी पत्नी की बेल्ट और मुक्कों से पीट-पीटकर हत्या कर दी। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है।

4 मार्च की रात ‘खूनी’ विवाद

पुलिस के अनुसार, यह खौफनाक वारदात 4 मार्च की रात लगभग 11 बजे की है। आरोपी सुधाकर दरशिमा अपने बेटे कुनाल के लिए साइकिल खरीदना चाहता था। इसी सिलसिले में उसने अपनी पत्नी कविता से पैसों की मांग की। पैसों को लेकर शुरू हुई मामूली कहासुनी ने देखते ही देखते हिंसक रूप ले लिया।

बेल्ट और मुक्कों से बर्बर हमला

विवाद इतना बढ़ा कि आरोपी सुधाकर ने अपना आपा खो दिया और कविता पर बेल्ट, हाथ और मुक्कों से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। मृतिका के सिर के पीछे, चेहरे, पीठ और पैरों में गंभीर चोटें आईं।अंदरूनी और बाहरी चोटें इतनी गहरी थीं कि कुछ ही समय में कविता ने दम तोड़ दिया।

6 मार्च को दर्ज हुई रिपोर्ट, आरोपी जेल की ओर

घटना के दो दिन बाद 6 मार्च को शाहपुर थाने में मामले की औपचारिक रिपोर्ट दर्ज कराई गई। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। शनिवार को आरोपी सुधाकर को न्यायालय में पेश किया जाएगा।

SP वीरेंद्र जैन की चिंता: त्योहारों पर बढ़ा घरेलू हिंसा का ग्राफ

बैतूल के पुलिस अधीक्षक वीरेंद्र जैन ने इस घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने समाज में बढ़ती असहिष्णुता को लेकर चौंकाने वाले आंकड़े साझा किए। पिछले कुछ ही दिनों में जिले के विभिन्न थानों में घरेलू हिंसा के करीब 45 मामले सामने आए हैं।आर्थिक तनाव, शराब का प्रभाव, छोटी-छोटी बातों पर अपेक्षाएं और आपसी संवाद की कमी इन विवादों की मुख्य वजह बन रही है।

Exit mobile version