Bihar INFACTNews

Bihar: पूर्व मुखिया के दिव्यांग भाई की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या, दोहरे हत्याकांड से जुड़े तार

आरा : बिहार के भोजपुर जिले में अपराधियों ने एक बार फिर पुलिसिया इकबाल को चुनौती देते हुए बड़ी वारदात को अंजाम दिया है। पवना थाना क्षेत्र के बनकट गांव में शनिवार को 45 वर्षीय दिव्यांग युवक रितेश कुमार सिंह उर्फ भुवर सिंह की गोलियों से भूनकर हत्या कर दी गई। दिनदहाड़े हुई इस हत्या के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है और स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है।

पत्नी को स्कूल छोड़ने जा रहे थे रितेश; बाइक सवारों ने घेरा

मृतक रितेश कुमार सिंह गड़हनी थाना क्षेत्र के लहरपा गांव निवासी रमेश कुमार सिंह के पुत्र और पूर्व मुखिया बब्लू सिंह के भाई थे। घटना उस वक्त हुई जब रितेश अपनी पत्नी को बनकट मध्य विद्यालय छोड़ने जा रहे थे।रास्ते में घात लगाए बैठे बाइक सवार अपराधियों ने उन्हें घेर लिया और उन पर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। गोली लगने से रितेश की मौके पर ही मौत हो गई।

दोहरे हत्याकांड का प्रतिशोध! पुरानी रंजिश से जुड़े तार

पुलिस की प्रारंभिक जांच में इस हत्या के पीछे ‘बदले की भावना’ मुख्य कारण मानी जा रही है। बताया जा रहा है कि मृतक के भाई पूर्व मुखिया बब्लू सिंह का नाम इसी गांव (बनकट) में हुए एक दोहरे हत्याकांड में सामने आया था। ग्रामीण चर्चाओं के अनुसार, उसी हत्याकांड के प्रतिशोध में आज अपराधियों ने बब्लू सिंह के दिव्यांग भाई को निशाना बनाया है। हत्या की खबर मिलते ही बनकट और आसपास के क्षेत्रों में भारी तनाव व्याप्त हो गया। आक्रोशित ग्रामीणों ने मौके पर जमकर बवाल काटा और अपराधियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की।

मौके से खोखा बरामद; पुलिस ने शुरू की छापेमारी

सूचना मिलते ही पवना थाना पुलिस दलबल के साथ मौके पर पहुँची और शव को कब्जे में लिया।पुलिस ने घटनास्थल से कारतूसों के खोखे बरामद किए हैं। पुलिस सूत्रों के अनुसार, घटना में शामिल कुछ संदिग्ध अपराधियों को चिन्हित कर लिया गया है और उनकी गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम छापेमारी कर रही है। इलाके में किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button