Rajasthan: नीमराना के कबाड़ गोदाम में भीषण आग, 5 मजदूरों की जलकर मौत

नीमराना : राजस्थान के नीमराना क्षेत्र अंतर्गत मोहलड़िया गांव में स्थित एक कबाड़ गोदाम में शुक्रवार को आग ने तांडव मचाया। इस दर्दनाक हादसे में 5 मजदूरों की मौत हो गई है, जबकि चार अन्य लोग लापता बताए जा रहे हैं। आग इतनी विकराल थी कि उसने देखते ही देखते पूरे गोदाम को अपनी चपेट में ले लिया।
5 की मौत, 4 लापता: सर्च ऑपरेशन जारी
हादसे के बाद बचाव दल ने मौके से दो मजदूरों के शव बरामद कर लिए हैं, जबकि तीन अन्य मजदूरों की भी जलकर मौत होने की पुष्टि हुई है। प्रशासन के अनुसार, अभी भी चार लोग लापता हैं, जिनकी तलाश के लिए सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है।आग लगने के समय कुछ मजदूर जान बचाकर भागने में सफल रहे, लेकिन जो अंदर फंसे रह गए वे काल के गाल में समा गए।
भारी नुकसान और अफरा-तफरी
चश्मदीदों के मुताबिक, आग की लपटें इतनी ऊंची थीं कि दूर-दूर से धुएं का गुबार देखा जा सकता था।गोदाम में खड़ी एक पिकअप गाड़ी और लाखों रुपये का कबाड़ जलकर पूरी तरह राख हो गया। कबाड़ में मौजूद ज्वलनशील सामग्री के कारण आग ने तेजी से विस्तार किया, जिससे दमकल विभाग को भी आग पर काबू पाने में खासी मशक्कत करनी पड़ी।
प्रशासन की कार्रवाई और जांच
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और प्रशासन के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे।आग लगने के स्पष्ट कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। प्रशासन ने पूरे मामले की जांच के आदेश दिए हैं। रिहायशी इलाके के पास संचालित इस गोदाम में अग्निशमन के पुख्ता इंतजाम थे या नहीं, इसकी भी पड़ताल की जा रही है।
अधिकारियों का बयान
पुलिस प्रशासन का कहना है कि उनकी पहली प्राथमिकता लापता लोगों को ढूंढना और मृतकों की शिनाख्त कर उनके परिजनों को सूचित करना है। हादसे के बाद से पूरे मोहलड़िया गांव में दहशत और शोक का माहौल बना हुआ है।



