
बाराबंकी। यूपी के बाराबंकी जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। मसौली थाना क्षेत्र के ग्राम सहाबपुर में मंगलवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब एक बंद कमरे से 30 वर्षीय युवती का खून से लथपथ शव बरामद किया गया। घटना की खबर फैलते ही पूरे गांव में दहशत का माहौल बन गया।सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है।
मृतका की पहचान, गोरखपुर की रहने वाली थी ममता
पुलिस के अनुसार मृतका की पहचान ममता (30 वर्ष) के रूप में हुई है, जो गोरखपुर के निगम संगम चौराहा क्षेत्र की निवासी थी। वह राज किशोर की बेटी बताई जा रही है।प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि ममता का ग्राम सहाबपुर निवासी संदीप यादव से करीब डेढ़ वर्ष से प्रेम प्रसंग चल रहा था।
वैवाहिक वेबसाइट से हुई थी पहचान, दोनों पहले से थे विवाहित
पुलिस सूत्रों के अनुसार, ममता और संदीप की पहचान एक वैवाहिक वेबसाइट के माध्यम से हुई थी। हैरानी की बात यह है कि दोनों पहले से शादीशुदा थे, इसके बावजूद उनके बीच लगातार संपर्क और संबंध बने रहे।संदीप यादव रिलायंस कंपनी में बायो-सीएनजी इंजीनियर के पद पर कार्यरत है और वर्तमान में जबलपुर (मध्य प्रदेश) में तैनात बताया जा रहा है।
सोमवार रात घर पहुंची थी ममता, परिजनों ने जताई थी आपत्ति
जानकारी के अनुसार, सोमवार देर शाम ममता संदीप के घर पहुंची थी। ममता को देखकर घर के अन्य सदस्यों ने आपत्ति जताई थी। इस पर संदीप ने परिजनों को भरोसा दिलाया कि वह ममता को उसके घर भेज देगा। इसके बाद परिवार के लोग सो गए।
सुबह बंद कमरे से मिला शव, बाहर से लगा था ताला
मंगलवार सुबह जब ममता घर में दिखाई नहीं दी तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। इसी दौरान घर के एक कमरे में बाहर से ताला लगा हुआ पाया गया। शक होने पर जब ताला तोड़ा गया, तो कमरे के अंदर ममता का खून से लथपथ शव पड़ा मिला। शव को देखते ही परिजनों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी ।
पुलिस और फॉरेंसिक टीम जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही मसौली थाना पुलिस मौके पर पहुंची। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस ने बताया कि शव पर चोट के निशान हैं और मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगा।
प्रेम प्रसंग समेत कई एंगल से जांच
पुलिस इस मामले में प्रेम प्रसंग,घरेलू विवाद,और हत्या या आत्महत्या सभी संभावित पहलुओं से जांच कर रही है। संदीप यादव की भूमिका भी जांच के दायरे में है और उससे पूछताछ के प्रयास किए जा रहे हैं।
गांव में दहशत, लोग सदमे में
इस घटना के बाद से गांव में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि इस तरह की घटना ने सभी को झकझोर कर रख दिया है।



