Jharkhand INFACTNews

Jharkhand: रिंकू सिंह को नूतन सिंह ने दिया समर्थन व आशीर्वाद, नाम वापसी की घोषणा

जमशेदपुर : जुगसलाई नगर परिषद अध्यक्ष पद की उम्मीदवार नूतन सिंह ने गुरुवार को प्रत्याशी रिंकू सिंह को समर्थन व आशीर्वाद देते हुए अपना नाम वापसी का निर्णय लिया है। इस चुनाव में रिंकू सिंह भाजपा समर्थित उम्मीदवार हैं। यह जानकारी भाजपा जिलाध्यक्ष संजीव सिन्हा ने दी। वे यहां स्टेशन रोड स्थित पप्पू सिंह के आवास पर संवाददाता सम्मेलन को संंबोधित कर रहे थे। उन्होंने बताया कि चुनाव में उम्मीदवारी के लिए कई लोगों ने आवेदन किया था। नूतन सिंह व इनके पति पप्पू सिंह की भी अच्छी तैयारी थी। लेकिन, पार्टी ने समर्थित प्रत्याशी रिंकू सिंह को बनाने का निर्णय लिया। पार्टी के प्रदेश नेतृत्व के निर्देश का सम्मान करते हुए नूतन सिंंह व पप्पू सिंह ने रिंकू सिंह को सहर्ष समर्थन देने का निर्णय लिया है, जो स्वागत योग्य है।

पार्टी व समाज के निर्देश का पालन किया : नूतन सिंह-पप्पू सिंह

इस दौरान रिंकू सिंह ने नूतन सिंह से आशीर्वाद लिया। साथ शॉल ओढ़ाकर उन्हें सम्मानित किया। इसके साथ ही नूतन सिंह ने भी रिंकू सिंह के सम्मानित कर विजयश्री का आशीर्वाद देते हुए हर तरह से सहयोग के प्रति आश्वस्त किया। साथ ही दोनों ने विक्टरी साइन देकर जीत का दावा किया। रिंकू सिंह को अपनी छोटी बहन बताते हुए नूतन सिंह ने कहा कि पार्टी व समाज के निर्देश का सम्मान करते हुए मैंने नाम वापस लेने का निर्णय लिया है। उन्होंने कहा कि अपनों के लिए त्याग तो करना ही पड़ता है। पप्पू सिंह ने कहा कि हमने भाजपा में आवेदन किया था। मैं शुरू से कह रहा था कि जो पार्टी निर्णय लेगी और जैसा समाज का निर्देश होगा वह करूंंगा। इसलिए पार्टी और समाज का जो निर्णय लिया मैंने उसका पालन किया।

बड़ी बहन का आशीर्वाद मिला, हिम्मत व आगे बढ़ने के प्रेरणा मिलेगी : रिंकू सिंह

प्रत्याशी रिंकू सिंह ने कहा कि लंबे समय से हमारा पारिवारिक संबंध रहा है। अब बड़ी बहन का आशीर्वाद मिल गया है। मुझे पूरा विश्वास था कि इनका आशीर्वाद मिलेगा। इससे अब मुझे हिम्मत मिलेगी। इसके साथ ही आगे बढ़ने और जुगसलाई के कायाकल्प के लिए प्रेरणा मिलेगी। हरि मिलाप मंंदिर के सामने नूतन सिंह व रिंकू सिंह के मिलाप दौरार “हर हर महादेव” एवं “जय श्री राम” उद्घोष ने जीत की सुनिश्चितता का आभास कराया।

हिंदुत्व व राष्ट्रवादी विचारधारा की जीत जरूरी : अभय सिंह

इससे पूर्व भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष व वरिष्ठ नेता अभय सिंह ने कहा कि पप्पू सिंह व इनका पूरा परिवार समाजसेवा से जुड़ा है। नगर परिषद के चुनाव में रिंकू सिंह के समर्थन में पप्पू सिंह व नूतन सिंह का निर्णय लेकर अपने बडप्पन का परिचय दिया है। क्योंकि अभी शुक्रवार (06 जनवरी 2026) को नाम वापसी का दिन है। उन्होंने कहा कि मैंने जब पप्पू सिंह से इस संबंध में बात की, तो इन्होंने बिना कुछ कहे इस पर विचार किया। पार्टी नेतृत्व ने भी इनसे बात कर स्वतंत्र रूप से विचार करने को कहा। इसके बाद पहले पप्पू सिंह व नूतन सिंह ने रिंकू सिंह के समर्थन में नाम वापसी की घोषणा कर दी। दूरदर्शिता व बड़प्पान की इससे बड़ी कोई मिसाल नहीं हो सकती है। उन्होंने कहा कि यहां कुछ ऐसे लोग चुनावी मैदान उतरे हैं, दो जुगसलाई जैसे क्षेत्र पर कब्जा करना चाहते हैं। हम विकास की बात करते हैं, ये विनाश की बात करते हैं। आज से 10 वर्ष पहले जहां 10-12 हजार की जनसंख्या थी, वह 25 हजार है। ऐसे में हिंदुत्व व राष्ट्रवादी विचारधारा की जीत जरूरी है।संवाददाता सम्मेलन भाजपा जिला कमेटी के महामंत्री संजीव सिंह, अनिल मोदी, मंजल अध्यक्ष हनु जैन, पूर्व मंडल अध्यक्ष प्रकाश जोशी, आलोक वाजपेई, विहिप के अजय गुप्ता समेत कई समर्थक उपस्थित थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button