Jharkhand INFACTNews

सरायकेला के कुचाई जंगल में एसएसबी-पुलिस का सर्च ऑपरेशन, हथियारों का जखीरा बरामद

सरायकेला: जिले के कुचाई प्रखंड क्षेत्र में सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता मिली है। 26वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल, रांची और झारखंड पुलिस की संयुक्त टीम ने कुचाई थाना क्षेत्र के रोलाहातु पंचायत अंतर्गत सिकरम्बा गांव के घने जंगलों में विशेष सर्च अभियान चलाकर हथियार और हथियारों से संबंधित सामग्री बरामद की है। 

घने जंगल में चलाया गया सघन तलाशी अभियान

यह अभियान 26वीं वाहिनी एसएसबी , रांची के कमांडेंट शाश्वत कुमार के निर्देशन में चलाया गया। ए-समवाय जम्बरो और झारखंड पुलिस की संयुक्त टीम ने सिकरम्बा गांव के आसपास के दुर्गम और घने जंगलों में सघन तलाशी ली।अभियान का नेतृत्व उप कमांडेंट शक्ति सिंह और निरीक्षक उज्ज्वल कांति मुहुरी ने किया। तलाशी के दौरान सुरक्षा बलों को जंगल में छिपाकर रखे गए हथियारों का पता चला।

एक पिस्टल और दो 303 राइफल समेत हथियार बरामद

सुरक्षा बलों ने मौके से एक पिस्टल, दो 303 राइफल, तीन 303 राइफल मैगजीन, एक 9 एमएम कार्बाइन पिस्टल ग्रिप और एक 9 एमएम कार्बाइन का कॉकिंग हैंडल बरामद किया।सभी हथियारों और अन्य सामग्री को कब्जे में लेकर पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है।

हथियार किसने छिपाए, जांच में जुटी एजेंसियां

बरामद हथियारों को जंगल में किसने और किस उद्देश्य से छिपाकर रखा था, इसकी जांच की जा रही है। सुरक्षा एजेंसियां यह भी पता लगाने में जुटी हैं कि इन हथियारों का संबंध किसी व्यक्ति या संगठन से है या नहीं।अधिकारियों के मुताबिक, क्षेत्र में शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने और असामाजिक तथा उग्रवादी गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए लगातार संयुक्त सर्च अभियान चलाए जा रहे हैं।

आगे भी जारी रहेगा अभियान

एसएसबी और झारखंड पुलिस की संयुक्त कार्रवाई को क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की दिशा में अहम सफलता माना जा रहा है। अधिकारियों ने कहा कि इलाके में आगे भी सर्च अभियान जारी रहेगा और किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।सुरक्षा बलों ने स्थानीय लोगों से भी अपील की है कि क्षेत्र में किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस या प्रशासन को दें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button