Jharkhand INFACTNews

Jharkhand: कांग्रेस विधायक भूषण बाड़ा पर नाबालिग से दुष्कर्म का आरोप, पॉक्सो एक्ट के तहत एफआईआर दर्ज

रांची: झारखंड के कांग्रेस विधायक भूषण बाड़ा के खिलाफ 15 वर्षीय नाबालिग लड़की के यौन उत्पीड़न और दुष्कर्म के आरोप में शुक्रवार को एफआईआर दर्ज की गई है। पीड़िता सिमडेगा जिले की रहने वाली है। उसने धुर्वा थाने में शिकायत दर्ज कराते हुए आरोप लगाया है कि विधायक के सरकारी आवास पर घरेलू काम करने के दौरान उसके साथ दुष्कर्म किया गया। पुलिस ने शुक्रवार को मामले की जानकारी दी।लड़की ने आरोप लगाया है कि 5 अगस्त को विधायक भूषण बाड़ा ने अपने सरकारी आवास पर उसके साथ दुष्कर्म किया। इसके बाद वह गर्भवती हो गई थी।

स्कूल में दाखिले का वादा कर रांची लाने का आरोप

पीड़िता के अनुसार, उसे मई महीने में रांची लाया गया था। उस समय उसे स्कूल में दाखिला दिलाने का भरोसा दिया गया था, लेकिन आरोप है कि इसके बजाय विधायक के सरकारी आवास पर उससे घरेलू काम कराया गया।लड़की ने अपनी शिकायत में यह भी आरोप लगाया कि बाद में मेडिकल जांच के दौरान उसे पता चला कि उसका गर्भपात हो गया था। पुलिस अब पीड़िता का बयान दर्ज करने और मामले की जांच की प्रक्रिया में जुटी है।

पॉक्सो और जुवेनाइल जस्टिस एक्ट के तहत मामला दर्ज

हटिया के डीएसपी नीरज कुमार ने बताया कि सिमडेगा के विधायक के खिलाफ पॉक्सो एक्ट और जुवेनाइल जस्टिस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। पीड़िता को मेडिकल जांच के लिए सदर अस्पताल भेजा गया है। पुलिस उसका बयान भी दर्ज करेगी।

विधायक भूषण बाड़ा ने आरोपों को बताया झूठा

वहीं, दो बार के विधायक भूषण बाड़ा ने अपने ऊपर लगे आरोपों को सिरे से खारिज किया है। उन्होंने इन्हें पूरी तरह झूठा और गुमराह करने वाला बताया। विधायक ने दावा किया कि यह मामला कांग्रेस से निकाले जा चुके लोगों का षड्यंत्र है।उन्होंने कहा कि जांच के बाद पूरी सच्चाई सामने आ जाएगी। साथ ही उन्होंने सवाल उठाया कि यदि घटना हुई थी तो लड़की ने कथित घटना के तुरंत बाद शिकायत क्यों नहीं दर्ज कराई।

भाजपा ने की विधायक की तत्काल गिरफ्तारी की मांग

इस मामले पर भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने भी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने विधायक की तत्काल गिरफ्तारी की मांग करते हुए आरोप लगाया कि झारखंड में झामुमो-कांग्रेस गठबंधन सरकार के दौरान महिलाएं और लड़कियां सुरक्षित नहीं हैं।आदित्य साहू ने कहा कि एफआईआर में लगाए गए आरोप गंभीर हैं। उन्होंने घोषणा की कि विधायक की गिरफ्तारी की मांग को लेकर भाजपा कार्यकर्ता धुर्वा थाने का घेराव करेंगे।फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर पीड़िता को मेडिकल जांच के लिए भेजा है। मामले में पीड़िता का बयान दर्ज किया जाना है और पुलिस जांच के बाद ही आरोपों से जुड़े तथ्यों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। विधायक ने आरोपों को खारिज करते हुए निष्पक्ष जांच की बात कही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button