BreakingJharkhand INFACTNews

Jharkhand: एमजीएम अस्पताल में ऑक्सीजन नहीं मिलने से मरीज की मौत का आरोप, परिजनों ने किया हंगामा

जमशेदपुर: डिमना स्थित एमजीएम अस्पताल में इलाज में लापरवाही का गंभीर आरोप लगा है। सोमवार को 53 वर्षीय मरीज मिश्री मांझी की मौत के बाद आक्रोशित परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन और स्वास्थ्यकर्मियों पर लापरवाही बरतने का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। परिजनों का दावा है कि समय पर ऑक्सीजन नहीं मिलने के कारण मरीज की जान चली गई। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कराकर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।जानकारी के अनुसार, मृतक मिश्री मांझी कोवाली थाना क्षेत्र के निवासी थे। उनकी बेटी रूपाली मांझी ने बताया कि उनके पिता किडनी की बीमारी से पीड़ित थे और पहले सदर अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था। तबीयत बिगड़ने पर चिकित्सकों ने उन्हें एमजीएम अस्पताल रेफर कर दिया।परिजन शनिवार दोपहर करीब तीन बजे उन्हें लेकर एमजीएम अस्पताल पहुंचे थे। यहां चौथी मंजिल स्थित मेडिसिन वार्ड में बेड नंबर 448 पर उन्हें भर्ती कराया गया था।

ऑक्सीजन मांगने पर नर्स ने कहा- नीचे है, लाने में लगेगा समय

मृतक की बेटी रूपाली मांझी के मुताबिक, भर्ती के बाद उनके पिता का ब्लड सैंपल लिया जा रहा था। इसी दौरान उनकी हालत अचानक बिगड़ने लगी और उन्हें तत्काल ऑक्सीजन की जरूरत पड़ी।परिजनों का आरोप है कि उन्होंने वार्ड में मौजूद नर्स से कई बार ऑक्सीजन लगाने की गुहार लगाई, लेकिन नर्स ने यह कहकर इंतजार करने को कहा कि ऑक्सीजन नीचे है और उसे लाने में समय लगेगा। इसी बीच मरीज की मौत हो गई।परिजनों का यह भी दावा है कि मरीज की मौत के बाद नर्स ने बताया कि ऑक्सीजन बेड के पास ही उपलब्ध थी। इस बात को लेकर परिजनों में आक्रोश और बढ़ गया।

बेटी बोली- समय पर ऑक्सीजन मिलती तो बच सकती थी जान

रूपाली मांझी ने भावुक होते हुए कहा कि उन्होंने कई बार नर्स से अपने पिता को ऑक्सीजन देने की विनती की थी, लेकिन समय पर सुविधा नहीं मिली। उनका कहना है कि यदि समय रहते ऑक्सीजन उपलब्ध करा दी जाती, तो शायद उनके पिता की जान बच सकती थी।परिजनों ने कहा कि गरीब मरीज बेहतर इलाज की उम्मीद में सरकारी अस्पताल पहुंचते हैं। ऐसे में जीवनरक्षक सुविधा मिलने में कथित देरी बेहद चिंताजनक है।

आधे घंटे तक अस्पताल परिसर में हुआ विरोध प्रदर्शन

सोमवार दोपहर करीब 12:30 बजे परिजनों ने अस्पताल परिसर में विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। करीब आधे घंटे तक हंगामा चलता रहा। इसके बाद सुरक्षाकर्मियों ने मौके पर पहुंचकर परिजनों को समझाया और शांत कराया।परिजनों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने तथा जिम्मेदार चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल, इस मामले में अस्पताल प्रबंधन का आधिकारिक पक्ष सामने नहीं आया है। मरीज की मौत के कारणों और लगाए गए आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button