
स्पोर्ट्स डेस्क : भारत और अफगानिस्तान के बीच खेले जा रहे तीसरे T20I मुकाबले में भारतीय सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा ने इतिहास रच दिया। अभिषेक ने महज 30 गेंदों पर शतक जड़कर T20I क्रिकेट में सबसे तेज शतक लगाने वाले भारतीय बल्लेबाज का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। इसके साथ ही उन्होंने रोहित शर्मा का करीब 9 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ दिया।रोहित शर्मा ने 2017 में श्रीलंका के खिलाफ इंदौर में 35 गेंदों पर शतक लगाया था। अब अभिषेक ने इस रिकॉर्ड को पांच गेंद पहले शतक पूरा करते हुए अपने नाम कर लिया।
16 गेंदों में फिफ्टी, अगली 14 गेंदों में शतक
अभिषेक शर्मा ने पारी की शुरुआत में कोई जल्दबाजी नहीं दिखाई। अफगानिस्तान के तेज गेंदबाज फजलहक फारूकी के पहले ओवर में उन्होंने कुछ गेंदों को परखा और फिर चौका लगाकर अपना खाता खोला।इसके बाद अभिषेक ने गियर बदला और अफगानिस्तान के गेंदबाजों की जमकर खबर ली। उन्होंने महज 16 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। इसके बाद अगली 14 गेंदों में 50 रन जोड़कर 30 गेंदों पर शतक पूरा कर लिया।
T20I में सबसे तेज शतक लगाने वाले भारतीय
अभिषेक शर्मा – 30 गेंद बनाम अफगानिस्तान
रोहित शर्मा – 35 गेंद बनाम श्रीलंका
अभिषेक शर्मा – 37 गेंद बनाम इंग्लैंड
संजू सैमसन – 40 गेंद बनाम बांग्लादेश
अभिषेक का 30 गेंदों पर आया शतक T20I क्रिकेट के इतिहास में तीसरा सबसे तेज शतक भी बन गया।
T20I इतिहास के सबसे तेज शतक
साहिल चौहान – 27 गेंद, एस्टोनिया
मुहम्मद फहाद – 29 गेंद, तुर्की
अभिषेक शर्मा – 30 गेंद, भारत
जान निकोल लॉफ्टी-ईटन – 33 गेंद, नामीबिया
सिकंदर रजा – 33 गेंद, जिम्बाब्वे
फिन एलन – 33 गेंद, न्यूजीलैंड
34 गेंदों पर 108 रन, लगाए 11 छक्के
रिकॉर्ड बनाने के बाद अभिषेक शर्मा ज्यादा देर तक क्रीज पर नहीं टिक सके। राशिद खान की गेंद पर वह विकेट के पीछे कैच आउट हो गए। गेंद बल्ले का किनारा लेकर पीछे गई, जहां रहमानुल्लाह गुरबाज ने कैच पूरा किया।अभिषेक ने 34 गेंदों पर 108 रन की विस्फोटक पारी खेली। उनकी पारी में 9 चौके और 11 छक्के शामिल रहे।
T20I पारी में 10 से ज्यादा छक्के लगाने का कारनामा दूसरी बार
अभिषेक शर्मा ने अपनी इस पारी में 11 छक्के लगाए। यह दूसरी बार है जब उन्होंने T20I की एक पारी में 10 से ज्यादा छक्के जड़े हैं।इससे पहले 2025 में इंग्लैंड के खिलाफ अभिषेक ने 13 छक्के लगाए थे। भारत की ओर से एक T20I पारी में सबसे ज्यादा छक्के लगाने का रिकॉर्ड भी अभिषेक शर्मा के नाम है।अफगानिस्तान के खिलाफ उनकी 108 रन की पारी ने एक बार फिर उनकी आक्रामक बल्लेबाजी और बड़े शॉट खेलने की क्षमता को सुर्खियों में ला दिया।



