
फिरोजाबाद: उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जिले के रामगढ़ थाना क्षेत्र से एक बड़ी खबर सामने आई है। मस्जिद के मदरसे में पढ़ने वाली एक 14 वर्षीय किशोरी के साथ दुष्कर्म करने वाले आरोपी इमाम जाकिर हाफिज को पुलिस ने बुधवार सुबह एक संक्षिप्त मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस की जवाबी फायरिंग में आरोपी इमाम के पैर में गोली लगी है, जिससे वह घायल हो गया।घटना की जानकारी मिलते ही एसएसपी के निर्देश पर एसपी सिटी और सीओ सिटी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। घायल आरोपी को तुरंत उपचार के लिए स्थानीय ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया है, जहां पुलिस अभिरक्षा में उसका इलाज चल रहा है।
आरओ मशीन से पानी लेने गई थी पीड़िता, अकेले पाकर किया दुष्कर्म
दर्ज शिकायत और पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, रामगढ़ क्षेत्र की रहने वाली एक 14 वर्षीय किशोरी जन्नती मस्जिद के मदरसे में उर्दू पढ़ने के लिए जाती थी। पीड़िता रविवार दोपहर को मस्जिद में लगी आरओ वाटर मशीन से ठंडा पानी लेने के लिए गई थी।उसी दौरान मस्जिद के इमाम जाकिर हाफिज (पुत्र बाबू खां, निवासी दीदामई नूर नगर) ने किशोरी को अकेला देखकर जबरन दबोच लिया। आरोपी उसका मुंह दबाकर उसे अपने कमरे में ले गया और वहां उसके साथ दुष्कर्म किया।किशोरी द्वारा विरोध किए जाने पर इमाम ने उसके साथ मारपीट की और किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गया था।
एसएसपी ने गठित की थीं टीमें, भागने की फिराक में था आरोपी
पीड़िता की मां की तहरीर (लिखित शिकायत) के आधार पर रामगढ़ थाने में आरोपी इमाम के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए एसएसपी आदित्य लांग्हे ने आरोपी की त्वरित गिरफ्तारी के लिए दो विशेष पुलिस टीमों का गठन किया था।
बुधवार सुबह ऐसे हुई मुठभेड़
बुधवार की सुबह पुलिस को मुखबिर से पुख्ता सूचना मिली कि आरोपी इमाम जिले से बाहर भागने की फिराक में है। पुलिस टीम ने घेराबंदी करते हुए बताए गए स्थान पर दबिश दी।
“खुद को पुलिस से घिरा देख आरोपी इमाम ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से सीधे फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षार्थ जवाबी फायरिंग की, जिसमें एक गोली आरोपी के पैर में लगी और वह वहीं गिर पड़ा, जिसके बाद उसे दबोच लिया गया।”
— संजीव कुमार दुबे, थाना प्रभारी, रामगढ़
मौके पर पहुंचे आला अधिकारी, तमंचा बरामद
मुठभेड़ की सूचना मिलते ही एसपी सिटी रवि शंकर प्रसाद और सीओ सिटी प्रवीन तिवारी पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का मुआयना किया। पुलिस ने गिरफ्तार इमाम के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल एक अवैध तमंचा और कारतूस बरामद किए हैं। पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई पूरी कर रही है।



