BollywoodEntertainmentNews

Entertainment: राम गोपाल वर्मा की ‘पुलिस कंपनी’ में दिखेगा मुंबई अंडरवर्ल्ड का खूनी दौर, दया नायक का किरदार निभाएंगे हर्षवर्धन राणे

मनोरंजन डेस्क : बॉलीवुड के चर्चित निर्देशक राम गोपाल वर्मा एक बार फिर मुंबई के अंडरवर्ल्ड और संगठित अपराध की दुनिया को बड़े पर्दे पर उतारने की तैयारी में हैं। निर्देशक की अगली फिल्म ‘पुलिस कंपनी’ मुंबई पुलिस और संगठित अपराध के बीच हुई जंग की पृष्ठभूमि पर आधारित होगी। फिल्म का निर्माण टी-सीरीज कर रहा है और इसमें अभिनेता हर्षवर्धन राणे मुख्य भूमिका में नजर आएंगे।

क्या है ‘पुलिस कंपनी’ की कहानी?

राम गोपाल वर्मा ने सोशल मीडिया के जरिए फिल्म के नाम और इसकी कहानी से जुड़े विचार साझा किए हैं। फिल्म की टैगलाइन ‘इट इज मोर डेंजरस दैन डी कंपनी’ बताई गई है।निर्देशक के मुताबिक, पुलिस एक संवैधानिक संस्था है, जबकि अंडरवर्ल्ड का उद्देश्य पैसा कमाना होता है। हालांकि, जब किसी संस्था को असीमित शक्तियां मिल जाती हैं तो वह भी एक समय बाद कंपनी का रूप ले सकती है। फिल्म इसी विचार और मुंबई के अपराध जगत की पृष्ठभूमि को सामने लाने की कोशिश करेगी।

दाऊद इब्राहिम और छोटा राजन के दौर की कहानी

फिल्म की कहानी मुंबई में अंडरवर्ल्ड के प्रभाव वाले उस दौर से प्रेरित है, जब शहर में संगठित अपराध का खौफ चरम पर था। राम गोपाल वर्मा के अनुसार, दाऊद इब्राहिम ने अपने प्रतिद्वंद्वी गिरोहों को खत्म कर अपना नेटवर्क मजबूत किया और बाद में दुबई चला गया।मुंबई में उसने अपने गिरोह की कमान छोटा राजन को सौंपी। बाद में दोनों के बीच विवाद होने के बाद अंडरवर्ल्ड में पैदा हुए संघर्ष का असर मुंबई के अपराध जगत पर भी पड़ा। इस दौरान कई नए गिरोह सामने आए और शहर में हिंसक आपराधिक घटनाओं का दौर तेज हुआ।

1997 से 2004 तक चला एनकाउंटर का दौर

अंडरवर्ल्ड के बढ़ते प्रभाव से निपटने के लिए मुंबई पुलिस ने एक विशेष दस्ते का गठन किया था। निर्देशक के अनुसार, 1997 से 2004 के बीच इस विशेष दस्ते ने 300 से अधिक गैंगस्टरों को एनकाउंटर में मार गिराया।‘पुलिस कंपनी’ की कहानी इसी विशेष पुलिस दस्ते और चर्चित एनकाउंटर स्पेशलिस्ट दया नायक की भूमिका पर केंद्रित होगी।

दया नायक के किरदार में हर्षवर्धन राणे

फिल्म में अभिनेता हर्षवर्धन राणे दया नायक की भूमिका निभाएंगे। राम गोपाल वर्मा ने सोशल मीडिया के जरिए उनकी कास्टिंग की पुष्टि की है।फिल्म में पुलिस और अपराध जगत के बीच संघर्ष के साथ-साथ उस दौर की मुंबई पुलिस की कार्यप्रणाली और संगठित अपराध के खिलाफ चलाए गए अभियानों को भी कहानी का हिस्सा बनाया जाएगा।

फिल्म में होगी बड़ी स्टार कास्ट

‘पुलिस कंपनी’ में हर्षवर्धन राणे के अलावा कई अन्य प्रमुख कलाकार भी नजर आएंगे। हालांकि, निर्माताओं ने अभी पूरी स्टार कास्ट का खुलासा नहीं किया है। निर्देशक के मुताबिक, आने वाले समय में फिल्म के अन्य कलाकारों के नाम सामने आ सकते हैं।

इन फिल्मों में भी नजर आएंगे हर्षवर्धन राणे

‘पुलिस कंपनी’ के अलावा हर्षवर्धन राणे के पास कई अन्य बड़े प्रोजेक्ट्स भी हैं। वह मिलाप जावेरी की एक्शन-थ्रिलर ‘यूनिफॉर्म’, उमंग कुमार की ‘शिला’ और जॉन अब्राहम के साथ भाव धूलिया की ‘फोर्स 3’ में भी नजर आएंगे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button