Bihar INFACTNews

Bihar: बांकीपुर उपचुनाव में हार के बाद आरजेडी का बड़ा एक्शन, प्रदेश से पंचायत तक सभी कमेटियां भंग

पटना। बिहार की बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में करारी हार के बाद राष्ट्रीय जनता दल ने बड़ा संगठनात्मक फैसला लिया है। पार्टी ने प्रदेश, जिला, प्रखंड और पंचायत स्तर की सभी संगठनात्मक इकाइयों के साथ-साथ सभी प्रकोष्ठों को भंग कर दिया है। इस संबंध में प्रदेश अध्यक्ष मंगनीलाल मंडल ने गुरुवार को आधिकारिक आदेश जारी किया।बताया जा रहा है कि अब कार्यकारी अध्यक्ष तेजस्वी यादव संगठन का पुनर्गठन करेंगे और नई टीम के साथ पार्टी को नए सिरे से मजबूत करने की रणनीति बनाएंगे।

बांकीपुर उपचुनाव में जब्त हुई थी जमानत

हाल ही में हुए बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में आरजेडी उम्मीदवार रेखा गुप्ता को करीब 14 हजार वोट मिले और उनकी जमानत जब्त हो गई। इस चुनाव में जन सुराज पार्टी के प्रशांत किशोर ने जीत दर्ज की, जबकि भाजपा दूसरे स्थान पर रही।इस परिणाम को आरजेडी के लिए बड़ा राजनीतिक झटका माना जा रहा है।

विधानसभा चुनाव में भी मिला था झटका

इससे पहले नवंबर 2025 में हुए बिहार विधानसभा चुनाव में भी आरजेडी को उम्मीद के मुताबिक सफलता नहीं मिली थी। चुनाव के बाद विधानसभा में पार्टी के विधायकों की संख्या घटकर 25 रह गई थी।

हार के बाद नेताओं के बीच बढ़ा विवाद

बांकीपुर उपचुनाव के नतीजों के बाद पार्टी के भीतर मतभेद खुलकर सामने आ गए। मनेर विधायक भाई वीरेंद्र ने हार के लिए संगठनात्मक कमजोरी और नेतृत्व के कुछ करीबी नेताओं को जिम्मेदार ठहराया।इसके जवाब में पार्टी के मुख्य प्रवक्ता शक्ति सिंह यादव ने भाई वीरेंद्र से सवाल किया कि उन्होंने संगठन के लिए क्या योगदान दिया है। दोनों नेताओं के बीच तीखी बयानबाजी से पार्टी के अंदरूनी मतभेद सार्वजनिक हो गए।

मृत्युंजय तिवारी पहले ही छोड़ चुके हैं पार्टी

उपचुनाव से पहले आरजेडी के पूर्व प्रवक्ता मृत्युंजय तिवारी पार्टी छोड़कर भाजपा में शामिल हो गए थे। उन्होंने आरोप लगाया था कि पार्टी में उनकी लगातार उपेक्षा की जा रही थी और कई बार शिकायत के बावजूद नेतृत्व ने कोई ध्यान नहीं दिया।

नई टीम के गठन की तैयारी

सभी संगठनात्मक कमेटियां भंग किए जाने के बाद माना जा रहा है कि तेजस्वी यादव जल्द ही प्रदेश से लेकर पंचायत स्तर तक नई टीम का गठन करेंगे। पार्टी नेतृत्व संगठन में व्यापक बदलाव कर आगामी राजनीतिक चुनौतियों के लिए नई रणनीति तैयार करने की तैयारी में जुट गया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button