Bihar INFACTNews

Bihar: नालंदा डकैती कांड का 72 घंटे में खुलासा, जामताड़ा से चार बदमाश गिरफ्तार

पटना/नालंदा। बिहार के नालंदा जिले के दीपनगर थाना क्षेत्र स्थित देवीसराय गांव में हुई सनसनीखेज डकैती का पुलिस ने महज 72 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। इस मामले में पुलिस ने झारखंड के जामताड़ा जिले से चार शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से लाखों रुपये नकद, भारी मात्रा में आभूषण और हथियार बरामद किए हैं।

चार आरोपी गिरफ्तार, भारी मात्रा में सामान बरामद

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अजीत सिंह, संजीव सिंह, बिट्टू कुमार और आदित्य कुमार के रूप में हुई है।पुलिस ने इनके पास से 16.43 लाख रुपये नकद,करीब 450 ग्राम सोने के आभूषण,7 किलोग्राम चांदी,डायमंड और प्लेटिनम के जेवर,दो देसी पिस्टल,16 जिंदा कारतूस और दो मोबाइल फोन बरामद किया।

परिवार को बंधक बनाकर की थी करोड़ों की लूट

पुलिस के अनुसार, 3 अगस्त की रात 10 से 12 हथियारबंद अपराधियों ने राजीव रंजन के घर में धावा बोल दिया था। बदमाशों ने पूरे परिवार को बंधक बनाकर लाखों रुपये की नकदी और करोड़ों रुपये मूल्य के आभूषण लूट लिए थे। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत फैल गई थी।

तकनीकी जांच और छापेमारी से मिली सफलता

घटना की गंभीरता को देखते हुए नालंदा पुलिस ने तत्काल एक विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया। टीम ने तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और मानवीय सूचना के आधार पर लगातार छापेमारी की। इसी दौरान झारखंड के जामताड़ा से चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।

फरार आरोपियों की तलाश जारी

नालंदा के पुलिस अधीक्षक भारत सोनी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के बाद लूट का अधिकांश सामान बरामद कर लिया गया है। सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।उन्होंने कहा कि इस वारदात में शामिल अन्य फरार अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है और जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button