NewsUP INFACT

Uttar Pradesh: झांसी-कानपुर एनएच पर भीषण हादसा, अतीक अहमद के बेटे अबान अहमद समेत दो की मौत

उत्तर प्रदेश के झांसी-कानपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर गुरुवार सुबह हुए भीषण सड़क हादसे में माफिया और पूर्व सांसद अतीक अहमद के सबसे छोटे बेटे अबान अहमद (21) समेत दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में कार सवार तीन अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

तेज रफ्तार कार डिवाइडर से टकराई

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार कार करीब 100 से 120 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चल रही थी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, जबकि पिछला हिस्सा भी बुरी तरह टूट गया।हादसे के बाद कार में सवार लोग अंदर ही फंस गए। स्थानीय लोगों ने उन्हें बाहर निकालने का प्रयास किया, लेकिन कार के दरवाजे जाम हो जाने के कारण सफलता नहीं मिली। बाद में पुलिस और राहत दल ने रेस्क्यू अभियान चलाया।

घायलों की पहचान

हादसे के समय कार में कुल पांच लोग सवार थे। इनमें अबान अहमद – मृत,सोनू खान (कार चालक) – मृत,अहजम – गंभीर घायल,मोहम्मद जैद – गंभीर घायल और उमर अहमद – गंभीर घायल। सभी प्रयागराज के रहने वाले बताए जा रहे हैं।

भाई अली से मिलने झांसी जेल जा रहे थे

जानकारी के मुताबिक, अबान अहमद अपने बड़े भाई अली अहमद से मिलने झांसी जेल जा रहे थे। अली अहमद पिछले करीब 10 महीने से झांसी जेल की तन्हाई बैरक में बंद हैं। हादसा पूंछ थाना क्षेत्र के खिल्ली गांव के पास हुआ।

हादसे की वजह की जांच जारी

पुलिस की प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार को दुर्घटना का प्रमुख कारण माना जा रहा है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे के समय हल्की बारिश हो रही थी। आशंका है कि सड़क पर आए किसी पशु को बचाने के प्रयास में चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया, जिसके बाद कार डिवाइडर से टकरा गई।हालांकि, पुलिस ने स्पष्ट किया है कि दुर्घटना के वास्तविक कारणों की जांच जारी है और सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।

पुलिस और प्रशासन मौके पर पहुंचा

घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बीबीजीटीएस मूर्ति, एसपी ग्रामीण डॉ. अरविंद कुमार, सीओ मोंठ सुनील कुमार शर्मा, पूंछ थाना प्रभारी विद्यासागर सहित पुलिस बल मौके पर पहुंचा और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया।घटना के बाद कुछ समय के लिए हाईवे पर यातायात भी प्रभावित रहा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button