Bihar INFACTBreakingNews

Bihar: नतीजों से पहले प्रशांत किशोर का सरकार पर हमला, बोले- जीत के बाद सम्राट चौधरी की विदाई तय

पटना: बिहार की हाई-प्रोफाइल बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के नतीजे 3 अगस्त को घोषित किए जाएंगे। परिणाम से एक दिन पहले जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर (पीके) ने राज्य सरकार और प्रशासन पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव के दौरान प्रशासन का दुरुपयोग किया गया और जन सुराज के नेताओं एवं कार्यकर्ताओं को निशाना बनाया गया।

“जन सुराज की जीत के बाद सम्राट चौधरी के जाने का रास्ता खुलेगा”

प्रशांत किशोर ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अपने 20 वर्षों के कार्यकाल में चुनाव जीतने के लिए कभी प्रशासन का गलत इस्तेमाल नहीं किया। उन्होंने दावा किया कि बांकीपुर उपचुनाव में जन सुराज की जीत के बाद सम्राट चौधरी के राजनीतिक भविष्य पर असर पड़ेगा।

पटना एसएसपी पर लगाए गंभीर आरोप

पीके ने आरोप लगाया कि पटना के एसएसपी ने भाजपा के निर्देश पर जन सुराज के स्थानीय नेताओं को गिरफ्तार कराया। उन्होंने कहा कि चुनाव प्रक्रिया के दौरान प्रशासन की भूमिका निष्पक्ष नहीं रही और संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए।

मतदान के दिन पुलिस से हुई तीखी बहस

मतदान के दिन राजनीतिक माहौल गर्म रहा। प्रशांत किशोर ने आरोप लगाया कि पुलिस बिना किसी ठोस कारण के उनके समर्थकों और मतदान अभिकर्ताओं को हिरासत में ले रही थी। इस दौरान गोलघर के पास नगर पुलिस अधीक्षक (मध्य) ममता कल्याणी से उनकी तीखी बहस भी हुई।

“20 से अधिक नेताओं-कार्यकर्ताओं को रातभर हिरासत में रखा”

प्रशांत किशोर ने दावा किया कि मतदान से एक दिन पहले शाम से देर रात तक जन सुराज के 20 से अधिक नेताओं और कार्यकर्ताओं को पुलिस ने हिरासत में रखा। उन्होंने आरोप लगाया कि न तो गिरफ्तारी की औपचारिक जानकारी दी गई और न ही हिरासत का कारण बताया गया।उनके अनुसार, नेताओं को पहले अलग-अलग थानों में रखा गया, फिर दानापुर ले जाया गया और बाद में शाहपुर थाना स्थानांतरित कर दिया गया। उन्होंने कहा कि यदि किसी ने कानून का उल्लंघन किया है तो उसके खिलाफ मामला दर्ज किया जाना चाहिए, लेकिन बिना आरोप हिरासत में रखना लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है।

“पुलिस राजनीतिक दल की तरह काम कर रही”

पीके ने आरोप लगाया कि पुलिस निष्पक्ष एजेंसी की बजाय राजनीतिक दल की तरह काम कर रही है और भाजपा व राज्य सरकार को लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से जन सुराज के कार्यकर्ताओं को चुनावी गतिविधियों से दूर रखने का प्रयास किया गया। उन्होंने कहा कि हिरासत में लिए गए लोगों में कम से कम 10 नेता पटना के निवासी थे, जिन्हें उनके घरों से उठाया गया।

बांकीपुर उपचुनाव में 34.30% मतदान

गौरतलब है कि बांकीपुर विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव में 34.30 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। यह सीट भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के इस्तीफे के बाद खाली हुई थी।इस चुनाव में मुख्य मुकाबला भाजपा, जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर और कांग्रेस समर्थित राजद उम्मीदवार रेखा गुप्ता के बीच माना जा रहा है। अब सभी की नजर 3 अगस्त को आने वाले चुनाव परिणाम पर टिकी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button