Bihar INFACTBreakingNews

Bihar: बिहार पंचायत चुनाव पर मंत्री दीपक प्रकाश का बड़ा बयान, परिसीमन पूरा होते ही जारी होगी अधिसूचना

शिवहर: बिहार में आगामी पंचायत चुनाव को लेकर चल रही अटकलों पर पंचायती राज मंत्री दीपक प्रकाश ने स्पष्टता ला दी है। उन्होंने कहा कि राज्य में परिसीमन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही पंचायत चुनाव कराए जाएंगे। परिसीमन का कार्य पूरा होते ही चुनाव की अधिसूचना जारी कर दी जाएगी।

परिसीमन पूरा होने के बाद होगी चुनाव की घोषणा

शिवहर के दो दिवसीय दौरे पर पहुंचे मंत्री दीपक प्रकाश ने परिसदन में आयोजित प्रेस वार्ता में कहा कि राज्य सरकार पंचायत व्यवस्था को अधिक सशक्त और प्रभावी बनाने के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं का तेजी से विस्तार किया जा रहा है, जिससे पंचायतों का स्वरूप जल्द ही बदला हुआ दिखाई देगा।

पंचायत सरकार भवनों और योजनाओं की समीक्षा

मंत्री ने जनप्रतिनिधियों के मानदेय, पंचायत सरकार भवनों के निर्माण और विभिन्न विकास योजनाओं की प्रगति की समीक्षा भी की।उन्होंने बताया कि शिवहर जिले में 17 पंचायत सरकार भवनों का निर्माण कार्य जारी है।
49 नए स्थलों के लिए स्वीकृति मिल चुकी है।15 भवनों का निर्माण पूरा हो चुका है।
इनमें 11 भवनों में आरटीपीएस केंद्र और 7 भवनों में आधार सेवा केंद्र संचालित हो रहे हैं।

7,810 सोलर स्ट्रीट लाइटें लगाई गईं

दीपक प्रकाश ने बताया कि मुख्यमंत्री ग्रामीण सोलर स्ट्रीट लाइट योजना के तहत शिवहर जिले में अब तक 7,810 सोलर स्ट्रीट लाइटें लगाई जा चुकी हैं, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में रोशनी और सुरक्षा व्यवस्था बेहतर हुई है।

कन्या विवाह मंडप और मोक्षधाम योजना पर भी जोर

सामाजिक कल्याण योजनाओं का उल्लेख करते हुए मंत्री ने बताया कि मुख्यमंत्री कन्या विवाह मंडप योजना के लिए जिले की 19 पंचायतों का चयन किया गया है।वहीं मोक्षधाम योजना के तहत शिवहर जिले की 53 पंचायतों में से 38 पंचायतों में शवदाह गृह का निर्माण जल्द शुरू किया जाएगा। इसके लिए विस्तृत प्राक्कलन तैयार किया जा रहा है।

जिला परिषद की आय में बढ़ोतरी

मंत्री ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2025-26 में शिवहर जिला परिषद को विभिन्न स्रोतों से 1.61 करोड़ रुपये से अधिक की आय प्राप्त हुई है।

कई राजनीतिक दलों के नेता रहे मौजूद

प्रेस वार्ता में विभिन्न राजनीतिक दलों के नेता एवं प्रशासनिक अधिकारी भी उपस्थित रहे। इनमें राष्ट्रीय लोक मोर्चा के ठाकुर धर्मेंद्र प्रसाद सिंह, कल्याण पटेल, पूजा सिंह, हिमांशु पटेल, रामलोचन सिंह कुशवाहा, लोजपा (रामविलास) के जिलाध्यक्ष विजय पांडे, ‘हम’ के जिलाध्यक्ष मोहम्मद इब्राहिम, जदयू जिलाध्यक्ष कमलेश पांडे तथा जिला जनसंपर्क पदाधिकारी अहमर अब्दाली शामिल थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button